दुर्ग

तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी में पुलिस की आकस्मिक चेकिंग
29-Sep-2021 6:01 PM
तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी में पुलिस की आकस्मिक चेकिंग

स्मृति नगर क्षेत्र से चोरी वाहन बरामद, आठ जोड़े संदिग्ध हालत में मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 सितंबर।
मंगलवार सुबह 5 बजे से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग बीएन मीणा के निर्देशन में तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी में 100 से अधिक जवानों की टीम ने आकस्मिक चेकिंग की। 

सौ से अधिक जवानों की 24 टीमें बनाई गई थीं, प्रत्येक टीम के एक प्रभारी नियुक्त कर अलग-अलग अपार्टमेंट व ब्लॉक में अलसुबह संदिग्धों, असामाजिक तत्वों, अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की सघन चेकिंग की गई। चेकिंग में सिविल टीम एवं महिला पुलिस टीम अलग से बनाई गई थी। जिसने पृथक से हर एक अपार्टमेंट में जाकर चेक किया। इस आकस्मिक चेकिंग में 1 दर्जन से अधिक वाहन संदिग्ध पाए गए हैं, जिसकी सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। दो वाहन चोरी के पाए गए हैं। 

एक स्कूटी लावारिस हालत में ब्लॉक 122 के सामने पाई गई, जिसकी संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर पता लगाया गया तो वह चौकी स्मृति नगर से जनवरी में चोरी हुई थी। दूसरा वाहन पैशन प्रो दुर्ग क्षेत्र से चोरी जाना पाया गया, जिसको तालपुरी ब्लॉक से बरामद किया गया। जिस पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। 

इस अभियान में तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी के लगभग 1 हजार 888 घरों को चेक किया गया, जिसमें 500 घरों में ताला लगा पाया गया। पुलिस की अचानक चहलकदमी से पुलिस को देख कर कुछ संदिग्ध लोग घर से भाग गए। 

आठ जोड़ों को संदिग्ध हालत में पाया गया, जिनके घर वालों को सूचना देकर समझाइश पर छोड़ा गया। चेकिंग का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर  संजय कुमार ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू मीता पवार एवं नगर पुलिस अधीक्षक छावनी कौशलेंद्र पटेल द्वारा की गयी। 

अभियान में थाना प्रभारी भिलाई नगर, छावनी वैशाली नगर, नेवई, मोहन नगर, भिलाई भट्टी, खुर्सीपार, यातायात प्रभारी, चौकी प्रभारी अंजोरा पदमनाभपुर, सूबेदार रक्षित केंद्र, प्रभारी रक्षा टीम सहित पुलिस लाइन का बल उपस्थित रहा।
 


अन्य पोस्ट