दुर्ग

स्नातक पूरक परीक्षा 1 अक्टूबर से ऑनलाइन
28-Sep-2021 6:39 PM
   स्नातक पूरक परीक्षा 1 अक्टूबर से ऑनलाइन

कुलपति ने 145 प्राचार्यों की ली बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 सितंबर। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में स्नातक पूरक परीक्षा 1 से 3 अक्टूबर तक आनलाइन ली जाएगी। यह जानकारी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ। अरूणा पल्टा ने सोमवार को 145 महाविद्यालयों के प्राचार्यों को ऑनलाइन बैठक में दी।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की अधिकृत वेबसाइट पर 1 अक्टूबर को बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीए, बीएससी होमसाइंस की अंतिम वर्ष अर्थात पार्ट-3 तथा बीएससी बीएड, बीए, बीएड पार्ट-3 एवं 4 के पूरक परीक्षा के प्रश्नपत्र अपलोड होंगे।

इस प्रकार उपरोक्त कक्षाओं के पार्ट-2 की प्रश्न पत्र 2 अक्टूबर को एवं प्रथम वर्ष के समस्त प्रश्नपत्र 3 अक्टूबर को विश्वविद्यालय द्वारा प्रतिदिन प्रात: 11 बजे अपलोड किए जाएंगे। परीक्षार्थियों को अपने से संबंधित प्रश्नपत्रों तथा विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित कवरपेज को डाउलोड कर स्वयं के हस्तलिखित उत्तर विश्वविद्यालय में डाक द्वारा अथवा स्वयं भौतिक रूप से उपस्थित होकर जमा करना होगा। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर सभी प्रश्नपत्र 7 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेंगे।

विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में 7 अक्टूबर तक अपने उत्तरपुस्तिकाएं जमा करना अनिवार्य होगा। यदि कोई विद्यार्थी अपने स्वयं के उत्तरपुस्तिका पर उत्तर न लिखकर विश्वविद्यालय की निर्धारित उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त करना चाहते हैं तो वे संबंधित महाविद्यालय से उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त कर सकते हैं। प्रश्नपत्र डाउनलोड करने में यदि विद्यार्थी को कोई समस्या आती हैं, तो वह विश्वविद्यालय की हेल्पलाईन पर संपर्क कर सकता है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ.प्रशांत श्रीवास्तव ने अक्टूबर माह में होने वाली पी-एचडी कोर्सवर्क परीक्षा की विस्तृत जानकारी भी दी। डॉ. पल्टा ने प्रवेशित विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कुलसचिव डॉ.सीएल। देवांगन, विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी, क्षेत्रीय अपर संचालक, डॉ. सुशीलचन्द्र तिवारी, अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य, डॉ. आरएन सिंह, डॉ. बेबीनंदा मेश्राम सहित लगभग 130 से अधिक महाविद्यालयों के प्राचार्य ऑनलाइन रूप से उपस्थित थे। डॉ. पल्टा ने प्राचार्यों से कहा कि यदि उनके महाविद्यालय में किसी पाठ्यक्रम में स्थान रिक्त हो तो वे तत्काल विश्वविद्यालय को सूचित करें। केवल उन कक्षाओं के लिए प्रवेश पोर्टल 30 सितंबर को दोपहर 1 बजे तक खोल दिया जाएगा। 1 बजे के पश्चात आवेदित विद्यार्थियों को गुणानुक्रम के अनुसार महाविद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट