दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 सितंबर। लंबे अंतराल के बाद कोरोना से फिर 1 बुजुर्ग की मौत हुई है। सेक्टर 9 अस्पताल भिलाई में बुजुर्ग का इलाज चल रहा था। इसे मिलाकर जिले में अब कोरोना से कुल मौतों की संख्या 2295 हो गई है। वहीं दूसरी ओर ट्रेवल हिस्ट्री वाले 3 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ये तीनों लोग हाल ही में वेल्लोर से भिलाई पहुंचे हुए थे। भिलाई पहुंचने के बाद कोरोना जांच हुई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।
कोरोना को लेकर लोग सतर्क नहीं हैं। सार्वजनिक स्थानों, हाट बाजारों में कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। मास्क का उपयोग एक तरह से बंद सा हो गया है। इन सबके बीच सोमवार को कोरोना के 8 नए मरीज मिलने से नई परिस्थिति सामने आई है। ये मरीज दुर्ग, भिलाई व अहिवारा क्षेत्र के बताए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि कोरोना को लेकर लोगों को जागरूक होना जरूरी है। अन्यथा तीसरी लहर के चपेट में आने से रोका नहीं जा सकेगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे ने बताया कि करीब 22 हजार से ज्यादा लोगों को एक ही दिन में कोरोना टीका लगाया गया है। हालांकि लक्ष्य 44 हजार लोगों को टीका लगाने का था। उन्होंने बताया कि टीकाकरण का महा अभियान वैक्सीन की उपलब्धता तक जारी रहेगा।


