दुर्ग
देसी पिस्टल-जिंदा कारतूस जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 सितंबर। मरोदा टंकी शीतला मंदिर के पास 5 जुलाई 2021 को आरोपी मुकुल सुना, मुकेश पंचर एवं नागेंद्र कुमार द्वारा साथी बृजेश राय उर्फ पिंकी राय को जान से मारने की नीयत से देशी कट्टा व पिस्तौल से फायर किया गया था। इस मामले में फरार आरोपी नागेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया था। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल व जिंदा कारतूस पुलिस ने बरामद किए गए हैं।
नेवई थाना निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने 15 सितंबर को फरार आरोपी नागेंद्र कुमार (21) निवासी ग्राम पिलीच, थाना परवलपुर जिला नालंदा बिहार को जबलपुर से गिरफ्तार किया था। दुर्ग लाकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे पुलिस रिमांड में लिया गया था। पूछताछ में आरोपी ने फायरिंग घटना में शामिल होना स्वीकारा था।
घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल एवं 2 जिंदा कारतूस को साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मैत्री गार्डन के पार्किंग स्थल में सुलभ शौचालय के पीछे जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कारतूस व देसी पिस्टल को जब्त किया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक पूर्ण बहादुर, गंगाराम यादव, प्रधान आरक्षक रामकरण तिवारी, आरक्षक रवि, सूरज पांडे, अजीत यादव, जुगनू सिंह, निलेश वर्मा एवं समीर खान की विशेष भूमिका रही।


