दुर्ग

किसान व मजदूर संगठन संयुक्त रूप से बंद को सफल बनाने झोकेंगे अपनी ताकत
18-Sep-2021 5:24 PM
किसान व मजदूर संगठन संयुक्त रूप से बंद को सफल बनाने झोकेंगे अपनी ताकत

बंद के समर्थन में शहर भर में निकलेगी रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 सितम्बर।
भारत बंद के दौरान जिले में बंद को सफल बनाने किसान व मजदूर संगठनों ने बैठक लेकर आज रणनीति बनाई बंद को सफल बनाने किसान व मजदूर संगठन संयुक्त रूप से अपनी ताकत झोंकेंगे। बंद के दौरान दुर्ग शहर में किसानों एवं मजदूरों द्वारा रैली निकाली जाएगी।

जानकारी के अनुसार केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन करने वाले किसान संगठनों के राष्ट्रीय संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 27 सितंबर को भारत बंद का आयोजन किया जा रहा है। इस बंद को सफल बनाने की तैयारी के लिये संयुक्त रणनीति बनाने दुर्ग जिला के किसान और मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आज तीर्थ राज पैलेस में रखी गई। 

बैठक में केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए 4 श्रम कोड को लेकर ट्रेड यूनियन नेताओं ने विरोध किया। उक्त श्रम कोड का विरोध कर रहे मजदूर संगठनों ने भी 27 सितंबर के भारत बंद को समर्थन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बंद को सफल बनाने के लिये किसान और मजदूर संगठन देश के सभी जिलों में संयुक्त बैठक कर रहे हैं। 

बैठक में मजदूर संगठनों एटक से विनोद सोनी, श्यामलाल साहू एक्टू एएस पी डे सीटू एवं लोकतांत्रिक इस्पात मजदूर यूनियन के सुरेन्द्र मोहंती, छग प्रगतिशील किसान संगठन के संयोजक राजकुमार गुप्त, आई के वर्मा, परमानंद यादव, पुरुषोत्तम वाघेला, उत्तम चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में किसान संगठन के प्रतिनिधि व किसान मौजूद थे। उन्होंने निर्णय लिया कि सुबह पांच से बजे नौ बजे तक मजदूर संगठन उद्योगों के सामने प्रदर्शन करेंग। तत्पश्चात सभी मजदूर एवं किसान जिला मुख्यालय दुर्ग में एकत्रित होंगे, जहां बंद के समर्थन में वे संयुक्त रूप से शहर भर में रैली निकालेंगे।

 


अन्य पोस्ट