दुर्ग

ओल्ड बोरसी गार्डन हुआ बदहाल, निकल रहे सांप
11-Sep-2021 5:46 PM
ओल्ड बोरसी गार्डन हुआ बदहाल, निकल रहे सांप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 सितंबर। 
हाउसिंग बोर्ड कालोनी, ओल्ड बोरसी मनोकामना शिवमंदिर के पास स्थित गार्डन नगर निगम की लगातार उपेक्षा के कारण बदहाल स्थिति में है। घासफूंस व झाडिय़ों से गार्डन पट चुका है। स्थिति ये है कि इस बदहाल गार्डन में जहरीले सांप हैं, जो आसपास के रहवासियों से लिए बड़ा खतरा है। प्रतिदिन निकलने वाले जहरीले सांप व अन्य कीड़े मकौड़े से आसपास रहने वाले कालोनीवासी परेशान हैं। कालोनीवासी नगर निगम की अनदेखी से नाराज हैं। 

कालोनीवासियों ने निगम की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विधायक अरूण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल से बदहाल गार्डन का संज्ञान लेने आग्रह किया है। यह बताना जरूरी है कि हाउसिंग बोर्ड कालोनी, ओल्ड बोरसी के मध्य में रिहायशी इलाके में गार्डन का उद्घाटन विधायक अरूण वोरा ने 1 जनवरी 2019 को किया था। उसके पश्चात वृक्षारोपण के नाम पर लगभग 100 से ज्यादा पौधे लगाए। उसके बाद निगम ने गार्डन की कोई सुध नहीं ली।

इस वजह से गार्डन बदहाल स्थिति में है।  कालोनीवासी संगीता, संजय, जार्ज, मीनाक्षी, पं। शास्त्री, ओ। पी। यादव सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस गार्डन की स्थापना के बाद सुबह सैर सपाटे करने वालों के लिए पेविंग ब्लॉक लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इतना ही नहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, फिसलपट्टी, लाइटनिंग तथा आंगतुकों के बैठने हेतु गार्डन चेयर लगाने का भी कार्य प्रस्तावित था, मगर अब तक एक भी प्रस्ताव पर अमल नहीं हुआ है। 
 


अन्य पोस्ट