दुर्ग

गैरहाजिर कर्मियों व तीनों ब्लॉक के बीईओ को नोटिस
09-Sep-2021 6:34 PM
गैरहाजिर कर्मियों व तीनों ब्लॉक के बीईओ को नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 सितंबर।
शिक्षा विभाग के दफ्तरों में उस समय अफरा तफरी मच गई, जब दफ्तर खुलते ही निरीक्षण टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे हुए थे। दफ्तर खुलने के निर्धारित समय 10,30 बजे टीम के सदस्यों ने स्टाफ हस्ताक्षर पंजी का निरीक्षण किया। जिसमें स्टाफ के 50 प्रतिशत कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे हुए थे। धीरे-धीरे ये कर्मचारी दफ्तर पहुंचे। तब तक निरीक्षण टीम द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है। गैरहाजिर कर्मचारियों व तीनों ब्लाक के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को डीईओ ने मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास बघेल ने शिक्षा विभाग के दफ्तरों के कार्यों में कसावट लाने मॉनिटरिंग के लिए 5 टीम गठित की थी। विकासखंड शिक्षा कार्यालय दुर्ग के लिए सहायक संचालक पुष्पा पुरूषोत्तमन को निरीक्षण का जिम्मा दिया गया। इसी तरह सहायक संचालक बी। रघु को विकासखंड शिक्षा कार्यालय धमधा तथा पाटन के लिए राजेश ओझा प्रभारी स्काउट गाइड को जिम्मेदारी दी गई। आरएमएसए व एसएसए कार्यालय का निरीक्षण एडीपीओ अभय जायसवाल ने किया।  जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास बघेल ने बताया कि शिक्षा विभाग के दफ्तरों में निरीक्षण के दौरान 50 प्रतिशत स्टाफ उपस्थित नहीं पाए गए। इस वजह से उन कर्मचारियों तथा सभी बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

 


अन्य पोस्ट