दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 अगस्त। शहर के जन उपयोगी प्रमुख शासकीय कार्यालयों, अस्पताल एवं स्कूलों में आवागमन अब सुविधाजनक होगा। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल ने मुख्यमंत्री सुगम सडक़ योजना अंतर्गत बनने जा रहे 10 मार्गों के सीमेंटीकरण कार्य का भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ कराया। 2 करोड़ 13 लाख से बनने वाली सडक़ों में जिला अस्पताल में स्थित जच्चा बच्चा अस्पताल पहुंच मार्ग, सम्पूर्ण कलेक्ट्रेट परिसर, पद्मनाभपुर पुलिस चौकी पहुंच मार्ग, ट्रांजिट हॉस्टल, शहरी गौठान, झाड़ूराम देवांगन स्कूल, आदर्श कन्या विद्यालय, लोक निर्माण विभाग पहुंच मार्ग, फायर स्टेशन, जिला न्यायालय, पुलिस लाइन एवं श्रम न्यायालय की सडक़ों का सीमेंटीकरण शामिल है।
इस अवसर पर विधायक वोरा ने कहा कि शहर में 15 सालों तक विकास के पहिए थमे हुए थे जनहित के मूलभूत विकास कार्यों के प्रति पूर्ववर्ती सरकार उदासीन थी किन्तु मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार आने के बाद से ही शहर में करोड़ों की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। 64 करोड़ से नेहरू नगर से मिनीमाता चौक चौड़ीकरण, 54 करोड़ से पुलगांव से अंजोरा फोरलेन, 100 करोड़ से पुलगांव अंडा मार्ग, 11 करोड़ से जिला अस्पताल का उन्नयन, 14 करोड़ से ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, 6 करोड़ से गौरवपथ सौंदर्यीकरण, 5 करोड़ की लागत से गंजपारा से शिवनाथ मुक्तिधाम पहुंच मार्ग जैसे बड़े विकास कार्यों के साथ ही अब आम जनता की दैनिक दौड़भाग एवं भीड़भाड़ के क्षेत्रों एवं शासकीय कार्यालयों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए 2।13 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही सभी विकास कार्य धरातल पर नजर आने लगेंगे। वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं लोकनिर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर एडीएम पंचभाई, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेन्द्र साहू, अजय मिश्रा, भास्कर कुण्डले, देवनारायण चंद्राकर, राजेश शर्मा, दिलीप ठाकुर, देवेश मिश्रा, अंशुल पांडेय, गौरव उमरे, सिविल सर्जन पी। बालकिशोर, लोनिवि के कार्यपालन अभियंता अशोक श्रीवास, सीएस ओगरे, उप अभियंता गगन जैन सहित अस्पताल एवं कलेक्ट्रेट के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।


