दुर्ग

जनता के लिए होगी पुलिसिंग, बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाएंगे अंकुश-एसपी
07-Sep-2021 3:14 PM
जनता के लिए होगी पुलिसिंग, बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाएंगे अंकुश-एसपी

 

   उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी-अफसर होंगे पुरस्कृत   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 सितंबर।
जिले में नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक बद्रीनारायण मीणा ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि जिले में जनता के लिए पुलिसिंग की जाएगी। जनता से जुड़ी सभी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा। सामाजिक बुराइयों से संबंधित अपराधों में जुआ एवं सट्टा को संचालित करने की कोई भी अपराधी हिमाकत नहीं कर सकेगा। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जनता को पुलिस के द्वारा जागरूक किया जाएगा एवं इन अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस शीघ्र ही अपराधियों को पकड़ेगी। साथ ही महकमे के लिए उन्होंने घोषणा की। बड़े अपराधिक मामलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

श्री मीणा ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि दुर्ग जिला मिनी भारत के रूप में जाना जाता है। यहां सभी प्रदेश के लोग निवासरत हैं, इसलिए जनता के माध्यम से ही अपराधियों की पहचान की जाएगी।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि इस हेतु प्रयास भी जारी है सभी मकानों में रहने वाले किरायेदारों की सूची तैयार की जा रही है । इसके अलावा अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा करने के लिए रेलवे बस स्टैंड होटल लॉज ढाबा आदि क्षेत्रों में लगातार जांच की जाएगी।

श्री मीणा ने कहा कि शहर में सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाने के लिए भी वह कार्य करेंगे । उन्हें  सभी विषयों को समझने में थोड़ा वक्त लगेगा ।

उन्होंने कहा कि चिटफंड से संबंधित मामलों में राज्य सरकार के निर्देशानुसार कार्यवाही की जा रही है । इसके अलावा निवेशकों का जल्द से जल्द राशि वापस दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

पुलिस अधीक्षक ने स्वीकार किया कि साइबर क्राइम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है । 2 तरीके से निपटने के लिए पुलिस कार्य करेगी। प्रथम जनता को साइबर ठगों द्वारा अपनाए जाने वाले हथ कंडो से अवगत कराते हुए उन्हें जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस विभाग भी सजग रहेगा, ताकि अपराध घटित होने के पश्चात दोषी को तुरंत पकड़ा जा सके।

उन्होंने आश्वस्त किया है कि जिले में अब जनता के लिए पुलिसिंग की जाएगी। जनता के प्रति जो भी समस्याएं होगी उसे शीघ्रतम सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि विवेचना के स्तर पर भी सुधार लाया जाएगा । ताकि अपराधियों को न्यायालय में शीघ्रता से दंड मिल सके। सामाजिक बुराइयों में जुआ सट्टा जैसे अपराधों को संचालित करने की हिमाकत अपराधी नहीं कर सकेंगे। ऐसा माहौल तैयार किया जाएगा।

 


अन्य पोस्ट