दुर्ग
बीएसपी में आरटीओ-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 सितंबर। परिवहन और पुलिस विभाग की टीम ने कल बीएसपी परिसर के भीतर चल रहे भारी वाहनों की बड़े पैमाने पर जांच की। जांच में अनेक विसंगति पाई गई। दिन भर यह कार्रवाई चली। कार्रवाई में 17 गाडिय़ों पर फिटनेस, रजिस्ट्रेशन, टैक्सेशन जैसी विसंगतियों पर कार्रवाई की गई।
परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा एवं दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के निर्देशानुसार भिलाई इस्पात संयंत्र में आरटीओ एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 2 सितंबर को लगातार दूसरे दिन भी बड़े पैमाने में वाहनों की जांच की गई। इस हेतु एआरटीओ मृत्युंजय प्रसाद पटेल के नेतृत्व में सात सदस्यीय जांच टीम परिवहन मुख्यालय रायपुर से विशेष रूप से भेजी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं फ्लाइंग स्क्वॉड दुर्ग की टीम द्वारा संयंत्र परिसर में प्रवेश कर परिसर के भीतर चल रही हेवी वीकल्स की जांच की गई, जिसमें बड़े पैमाने में विसंगतियां पाई गई। फिटनेस, टेक्ससेशन, रजिस्ट्रेशन, परमिट आदि में कमी के आधार पर 17 वाहनों में कार्रवाई कर जब्ती की गई है। शेष कार्रवाई अभी जारी है। लाखों का टैक्स बकाया एवं बिना रजिस्ट्रेशन की वाहन परिसर के भीतर चलती पाई गई।
एक सितंबर को भी 12 से अधिक वाहनों में अनियमितता को देखते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई थी। चरणबद्ध रूप से ये कार्रवाई अभी जारी रहेगी। उन्नीस से अधिक वाहनों को नोटिस जारी कर समस्त कागजातों के साथ आहुत किया गया है।


