दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 सितंबर। पांच हजार रुपए उधारी की रकम वापसी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पद्मनाभपुर चौकी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक भैसासुर मंदिर कसारीडीह चौक निवासी मालती बाई वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि 31 अगस्त की दोपहर को आरोपी राजकुमारी बंजारे उसके घर आई और 5000 रुपए की बात को लेकर गाली गलौज करने लगी, जब मालती बाई ने गाली गलौज करने से मना किया तो राजकुमारी ने उसे हाथ मुक्के से पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मालती वर्मा की शिकायत पर पद्मनाभपुर चौकी पुलिस ने धारा 294, 323, 506 के तहत अपराध दर्ज किया है।
इसी तरह राजकुमारी बंजारे ने शिकायत दर्ज कराई कि दोपहर 2 बजे वह दार्मेंद्र वर्मा के घर कसारीडीह अपने द्वारा दिए गए 5000 रुपए को मांगने के लिए गई थी, उसके द्वारा पैसे की मांग करने पर गाली गलौच करते हुए हाथ मुक्के एवं डंडे से मारपीट की गई। इस दौरान मालती बाई तथा उसके भाई आशीष वर्मा ने भी मारपीट की। इससे पीडि़ता के सीधा हाथ पैर आदि में चोटें आई। राजकुमारी बंजारे की शिकायत पर पद्मनाभपुर चौकी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 506 व 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।


