दुर्ग

झूलेलाल चालीसा महोत्सव समापन पर कलश शोभायात्रा
30-Aug-2021 6:44 PM
झूलेलाल चालीसा महोत्सव समापन पर कलश शोभायात्रा

संत डॉ. युधिष्ठिर लाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का लगा रहा तांता 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 दुर्ग, 30 अगस्त।
वरुण देव झूलेलाल जी की 39वें चालीसा महोत्सव के समापन पर रविवार को झूलेलाल मंदिर सिंधी कॉलोनी में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। झूलेलाल सेवा मंडल द्वारा आयोजित महोत्सव में शदाणी दरबार रायपुर के संत शिरोमणि डॉ.युधिष्ठिर  लाल और सिंधु अमरधाम आश्रम चक्रभाठा के संत  लालदास जी विशेष रूप से पधारे। 

संत डॉ. युधिष्ठिर  लाल ने गुरुग्रंथ साहब का पाठ कर भोग लगाया और अमृतवाणी का वाचन कर देश और समाज के कल्याण के लिए वरुण देव झूलेलाल जी से कामना की। महोत्सव  में पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, पूर्व सभापति राजकुमार नारायणी,कांग्रेस नेता अलख नवरंग, पार्षद नरेश तेजवानी के अलावा अन्य राजनीतिक दल के  नेताओं ने पहुंचकर संत युधिष्ठिर लाल जी से आशीर्वाद लिया। तत्पश्चात झूलेलाल जी की महाआरती उपरांत कलश शोभायात्रा की शुरुआत हुई। कलश यात्रा में 101 की संख्या में महिलाएं शामिल हुई। महिलाएं केसरिया व लाल  रंग के परिधान पहने हुए थे,  वहीं पुरुष सफेद रंग के वेशभूषा में शोभायात्रा में शामिल हुए।जो आकर्षण का केंद्र बना रहा। शोभायात्रा में गाजे- बाजे की धुन में समाज के लोगों ने नाच- गाकर अपनी आस्था प्रकट की। रास्ते में लोगों ने शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया।यह कलश शोभायात्रा सिंधी कॉलोनी स्टेशन रोड से होते हुए अंत में रेवा तालाब दीपक नगर पहुंची। जहां पूरे विधि- विधान से पूजा अर्चना कर कलश का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर झूलेलाल सेवा मंडल के अध्यक्ष ज्ञानचंद रूचंदानी, सचिव नारायण दास, अटल गोदवानी,  खेमचंद मध्यानी, पारुमल   तोभानी, अनिल लोहानी, जगदीश सवानी, विनीता रूचंदानी, ट्विंकल सहवानी, दीपा मेघवानी के अलावा सिंधी समाज की महिलाएं व पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए।
 


अन्य पोस्ट