दुर्ग

पेंडिंग विकास कार्यों को तत्काल पूरा कराएं निगम अफसर-वोरा
23-Aug-2021 7:22 PM
पेंडिंग विकास कार्यों को तत्काल पूरा कराएं निगम अफसर-वोरा

नगर निगम के कामकाज की होगी समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 23 अगस्त।  विधायक अरुण वोरा ने नगर निगम के पेंडिंग विकास कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। वोरा ने कहा कि शहर में विकास कार्यों के अलावा पेयजल सप्लाई, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था सहित नगर निगम के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने और पेंडिंग कार्यों को तत्काल शुरू करने कहा जाएगा। वोरा ने कहा कि वे शहर के पार्षदों के साथ मुख्यमंत्री, स्थानीय शासन मंत्री और लोक निर्माण मंत्री से मुलाकात करेंगे और शहर के विकास के संबंध में चर्चा करेंगे। वोरा ने जिला प्रशासन के अफसरों से कहा है कि राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत 60 वार्डों में पट्टे देने का काम तत्काल प्रारंभ करें।  इसके लिए सर्वे का काम शीघ्र पूर्ण किया जाए। पट्टा देने के लिये प्रशासनिक अधिकारी व निगम आयुक्त चिन्हित वार्डों में जाकर कैंप लगाएं ताकि हितग्राहियों को भटकना न पड़े।

वोरा ने निगम अफसरों से कहा है कि सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट सुधारने का काम होना चाहिये। बारिश के मौसम में शहर की प्रकाश व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त होनी चाहिए। वोरा ने नगर निगम और पीडब्लूडी के अफसरों से कहा है कि वे शहर की सडक़ों के गड्ढे भरने का कार्य खुद मौजूद रहकर कराएं। शहर की प्रमुख सडक़ों के डामरीकरण का प्रस्ताव भी बनाएं, ताकि बजट में राशि स्वीकृत कराई जा सके। वोरा ने कहा है कि शहर में महासफाई अभियान प्रभावी तरीके से शुरू किया जाए और अभियान की मॉनिटरिंग खुद नगर निगम आयुक्त और स्वास्थ्य अधिकारी करें।

पानी सप्लाई में रुकावट पर बिफरे

विधायक अरुण वोरा ने पद्मनाभपुर एरिया में बार-बार पानी सप्लाई में रुकावट आने पर नगर निगम के अफसरों को कड़ी फटकार लगाई है। वोरा ने निगम अफसरों से साफ कहा है कि शहर के सभी वार्डों में पानी जैसी बेहद बुनियादी जरूरत की पूर्ति में रुकावट नहीं आना चाहिए। पानी सप्लाई की पुख्ता व्यवस्था करने के साथ ही तकनीकी खराबी आने पर निगम के पास बैकअप प्लान भी होना चाहिए, ताकि पानी सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रहे। पद्मनाभपुर स्थित अंबेडकर गार्डन के आसपास के निवासियों ने विधायक अरुण वोरा के निवास पहुंचकर वोरा को पानी सप्लाई को लेकर हो रही समस्या की जानकारी दी।


अन्य पोस्ट