दुर्ग

कुछ घंटे में पकड़ाए तीनों आरोपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 अगस्त। औद्योगिक क्षेत्र रसमड़ा के बाजार चौक में स्वतंत्रता दिवस की रात एक युवक की पत्थर व हथौड़े से सिर कुचल कर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह पुरानी रंजिश को बताया गया है।
मृतक करण सिंह ठाकुर (23) शीतलापारा बाजार चौक रसमड़ा का निवासी था। वह रसमड़ा की पूर्व सरपंच कचरा बाई ठाकुर का नाती था। पुलिस ने मामले के तीनों आरोपियों को वारदात के कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी सौदागर साहू उर्फ दाऊ (21), कमलेश साहू (26) और कपिल साहू (25) सभी वार्ड- 7 बाजार चौक रसमड़ा के निवासी हैं। आरोपियों में कमलेश व कपिल साहू सगे भाई हैं।
बताया गया है कि मृतक व सभी आरोपी रविवार की रात रसमड़ा निवासी गजेंद्र ठाकुर के बर्थडे पार्टी में शामिल हुए थे। यहां नशे की हालत में उनके बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। यहीं विवाद करण सिंह ठाकुर की हत्या की वजह बनी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 15 अगस्त की रात्रि करीब 8 बजे अंजोरा पुलिस चौकी को सूचना मिली कि बाजार चौक रसमड़ा में पूर्व सरपंच कचरा बाई ठाकुर के नाती करण सिंह ठाकुर की हत्या हो गई है। तत्काल घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग कौशलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। विशेष टीम को तत्काल मौके पर पहुंचकर रसमड़ा गांव को घेरने के लिए निर्देशित किया गया। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी इधर उधर छुप गए थे। पूरे क्षेत्र की सघन चेकिंग की गई।
इस दौरान सूचना मिली कि दो आरोपी अपने पड़ोसी के छत पर छुपे हुए है, जो पुलिस के मौके पर पहुंचते ही एक छत से दूसरे छत भागते हुए पुलिस को चकमा देने की कोशिश करने लगे। जिनका पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। तीसरा आरोपी आंवला नर्सरी में छुपा हुआ था, जिसे मोबाईल टार्च की रोशनी में चारों तरफ से तलाश कर घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथौड़ा और बोल्डर बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के विरूद्ध अंजोरा पुलिस चौकी ने अपराध दर्ज किया हैं।
कार्रवाई में निरीक्षक नरेश पटेल, सउनि देवशरण सिंह, आरक्षक जावेद खान, प्रदीप ठाकुर, फारुख खान, धीरेन्द्र यादव, चित्रसेन साहू, भानुप्रताप यादव, बी. लक्ष्मण राव, राजकुमार दलई, गोविंद साहू की सराहनीय भूमिका रही।