दुर्ग
दुर्ग, 14 अगस्त। घर में ताला लगाकर अपने भाई के घर जाना प्रार्थी को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने अलमारी का ताला खोलकर लगभग 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात एवं 10000 रुपए नगद की चोरी कर लिया।
प्रार्थी की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया। मोहन नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि कोल इंडिया लिमिटेड से रिटायर हुए इंजीनियर पुरुषोत्तम जयंत चौधरी 70 साल निवासी साकेत कॉलोनी दुर्ग अपने घर में अकेले ही रहते थे। उनकी पत्नी का निधन वर्ष 2008 में हो गया था। गुरुवार की सुबह वह घर में ताला लगा कर एवं अलमारी की चाबी को घर में ही छोडक़र अपने भाई से मिलने सेक्टर 2 भिलाई गए हुए थे। जब वह रात को घर लौटे तो देखा दरवाजे टूटा हुआ है। अंदर घर में रखी अलमारी को चाबी से खोल कर अज्ञात चोर ने 6 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी कर लिया था।
साथ ही अलमारी में रखे 10000 रुपए भी गायब थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


