धमतरी

मेघा में महानदी पर बना वैकल्पिक मार्ग धंसा, स्कूली बच्चों की आवाजाही प्रभावित
20-Nov-2026 8:24 PM
मेघा में महानदी पर बना वैकल्पिक मार्ग धंसा, स्कूली बच्चों की आवाजाही प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 20 नवंबर। महानदी पर निर्माणाधीन मेघा पुल के पास नदी पार करने के लिए बनाया गया वैकल्पिक मार्ग जगह-जगह से धंसने लगा है। इससे कुरुद और मगरलोड क्षेत्र के बीच आवागमन प्रभावित हो रहा है। गुरुवार को नदी के बीच रेत से भरा एक हाइवा फंस जाने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। इसके चलते नदी पार के सैकड़ों विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंच सके। अन्य यात्रियों को भी वैकल्पिक रास्तों से लंबी दूरी तय करनी पड़ी।

ज्ञात हो कि  21 सितंबर 2024 को महानदी पर बना मेघा पुल ढह गया था। इसके बाद कुरुद और मगरलोड ब्लॉक के बीच सीधा सडक़ संपर्क बाधित हो गया। नए पुल का निर्माण सेतु निगम के माध्यम से कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण दोनों क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

पिछले वर्ष बारिश से पहले नदी में आवागमन के लिए लगभग एक किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था, जिसे जुलाई में बारिश के कारण बंद कर दिया गया। इसके बाद से दोपहिया वाहन चालक एनीकट के रास्ते नदी पार कर रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहन चालकों को खट्टी, करेली-नारी और राजिम मार्ग से लगभग 20 से 25 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

बारिश थमने के बाद पुल निर्माण कर रहे ठेकेदार ने इस वर्ष पुराने रपटा के पास मिट्टी और मुरुम डालकर लगभग एक किलोमीटर लंबा तथा दस मीटर चौड़ा कच्चा वैकल्पिक मार्ग तैयार किया।

 इसे दीपावली के बाद आवागमन के लिए खोला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग पर हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही के लिए अलग-अलग व्यवस्था या स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं होने से सडक़ के कुछ हिस्से धंस रहे हैं। गुरुवार को नदी के बीच रेत से भरा हाइवा फंसने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मार्ग बाधित होने के कारण कई विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंच सके। यात्रियों को भी दूसरे रास्तों से जाना पड़ा।

सीएम पोर्टल पर भी की गई शिकायत

मेघा निवासी गोविन्दा साहू ने रपटा निर्माण और एनिकट की स्थिति को लेकर सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि शिकायत के जवाब में संबंधित अधिकारियों से उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। उन्होंने वैकल्पिक मार्ग की स्थिति सुधारने और आवागमन की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

अधिकारियों का पक्ष नहीं मिल सका

मामले में सेतु निगम के अनुविभागीय अधिकारी श्री ठाकुर तथा निर्माण स्थल पर कार्य देख रहे दोनों उप अभियंताओं से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इस कारण विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया।


अन्य पोस्ट