धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 20 नवंबर। अकवान तूफान के प्रभाव से धमतरी जिले में गुरुवार रात से हो रही बेमौसम बारिश का असर धान खरीदी पर पड़ा है। शुक्रवार 20 नवंबर को जिले के 108 धान उपार्जन केंद्रों में से 107 केंद्रों में खरीदी के लिए टोकन जारी किए गए थे, लेकिन बारिश के कारण केवल तीन केंद्रों छाती, आमदी और मगरलोड में ही धान खरीदी हो सकी। शेष केंद्रों में बारिश के दौरान उपार्जित धान को सुरक्षित रखने के इंतजाम किए गए।
बेमौसम बारिश को देखते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने गुरुवार शाम को ही उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त संख्या में कैप कवर, तिरपाल और अन्य सुरक्षात्मक सामग्री उपलब्ध कराने को कहा था।
निर्देशों में खुले में रखे धान को ढंकने, जल निकासी की व्यवस्था करने और सुरक्षित भंडारण के उपाय करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार, समय रहते किए गए इंतजामों से उपार्जित धान को बारिश से बचाने में मदद मिली। संबंधित अधिकारियों और समिति प्रबंधनों को मौसम अनुकूल होने पर खरीदी कार्य शुरू करने तथा तब तक धान की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिले में 20 नवंबर को धमतरी में 4.8 मिलीमीटर, कुरूद में 5.1, मगरलोड में 4.8, नगरी 5.6, भखारा 6.6, कुकरेल 8.0 मिलीमीटर तथा बेलरगांव में 6.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जिले में बारिश के कारण अधिकांश उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी नहीं हो सकी। अब मौसम अनुकूल होने के बाद खरीदी कार्य फिर से शुरू होने की प्रतीक्षा है।