धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 18 नवंबर। कृषि उपज मंडी कुरूद में बुधवार सुबह पूजा-अर्चना के साथ व्यापारियों ने मुहूर्त में धान खरीदी शुरू की। पहले दिन 10 हजार 257 बोरा से अधिक धान की आवक हुई। मुहूर्त में मिलर्स एवं ट्रेडर्स व्यापारियों ने पतले धान को 3500 से भी अधिक दाम पर खरीदा। मंडी में अच्छी कीमत मिलने से किसानों में उत्साह नजर आ रहा है।
बुधवार को प्रदेश की उत्कृष्ट मंडियों में शुमार कुरुद की कृषि उपज मंडी में दीपावली के बाद मुहूर्त खरीदी प्रारंभ हुई। समर्थन मूल्य पर सोसाइटी में धान खरीदी होने के बाद भी मंडी में रौनक बनी हुई है। इसकी वजह यहां खुले बाजार में अन्य मंडियों के मुकाबले भाव तगड़ा है।
वर्तमान में यहां मोटा धान 25 सौ से 3 हजार और पतला 35 से 38 सौ रुपए में बिक रहा है। दीपावली से पहले कुरुद में पतला धान 41-42 सौ के दाम पर व्यापारी खुशी-खुशी खरीद रहे थे। इसकी वजह खुले बाजार में चावल की अच्छी मांग है। इसीलिए मंडी में रोज 8-10 हजार कट्टे धान की आवाक हो रही है।
राइस मिल एसो. के संरक्षक अनिल चन्द्राकार ने बताया कि सरकार ने इस बार किसानों को सोसायटियों में बिना धान बेचे ही प्रति एकड़ के मान से बोनस राशि के रूप में देने का फैसला किया है। इससे किसानों को अपनी उपज मंडी में भी बेचने की छूट मिल गई है। जिससे उम्मीद है कि इस बार मंडियों में भी इस सीजन में रौनक बनी रहेगी।
मंडी सचिव राजकुमार रात्रे ने बताया कि कुरुद में धान की आवक और दाम दोनों बढ़ते क्रम में है। यह रेजा हमाल के लिए अच्छी खबर है। मुहूर्त खरीदी में पहुंचे किसानों और व्यापारियों का मंडी अधिकारियों ने मुँह मीठा करा उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर अनिल चंद्राकर, सुनील अग्रवाल, विजय केला, हितेंद्र केला लक्खू, मनोज चंद्राकर, रोशन केला, योगेश चंद्राकर, अजय केला, मनीष अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, मोहन अग्रवाल, राजेंद्र शर्मा, दीपक महावर, पप्पु अग्रवाल, सुनील चंद्राकर, घनश्याम महावर, खिलेंद्र चंद्राकर, श्याम बाजपेई, राजू महावार, आदि व्यापारियों सहित मंडी सचिव राजकुमार रात्रे बालाराम चंद्राकर, सरोज देवांगन एवं मंडी स्टॉफ, रेजा हमाल मौजूद थे।