धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 17 नवंबर। धमतरी जिला में कांग्रेस पार्टी द्वारा पांच दिवसीय ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मंडल स्तरीय जन चौपाल अभियान 15 नवंबर को संपन्न हो गया। इस जन संवाद कार्यक्रम के तहत जिले के 47 मंडल कमेटियों में जन चौपाल रुपी इस आंदोलन को जमीनी स्तर पर सफल बनाने विधायकों, पूर्व विधायकों एवं वरिष्ठ नेताओं ने मंडल प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली और आम जनता के बीच सीधा संवाद किया।
अभियान के अंतिम दिन ब्लॉक कांग्रेस कुरूद द्वारा बाजार चौक में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एआईसीसी पर्यवेक्षक सांसद डॉ. शोभा बच्छाव ने कहा कि आज देश का संविधान और लोकतंत्र गंभीर चुनौती के दौर से गुजर रहा है। भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान से देश के प्रत्येक नागरिक को मतदान का समान अधिकार मिला है। लेकिन एसआईआर के आड़ में केन्द्र सरकार और चुनाव आयोग सुनियोजित तरीके से मतदाताओं के अधिकारों को कमजोर करने में लगे हैं। जिसे कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि आम नागरिक के संवैधानिक हक को बचाने की है। अत: सभी मतदाता सूची में अपने नाम की जांच करें और किसी भी अनियमितता के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाएं।
जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने जिले के सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों सहित ऊर्जावान कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि जिले के 47 मंडलों में जन चौपाल सफल रहा, गांव-गांव में पहुंचकर आपने लोकतंत्र की रक्षा का जो संदेश दिया है वह सराहनीय है। लेकिन हमारी यह लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। मंडल स्तर पर मिले जनसमर्थन को सीधे बूथ स्तर तक लेकर जाना है।
उन्होंने कहा कि आगामी चरण में हमें जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचकर मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण कर यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम कटने न पाए। कार्यक्रम को प्रदेश महामंत्री सकलेन कामदार सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया।
इसके पूर्व कुरुद विधानसभा क्षेत्रांतर्गत सेनानी ग्राम मेघा में आयोजित वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत जन चौपाल में कांग्रेसियों ने जनता के अधिकारों के लिए भाजपा के नीतियों का जमकर विरोध जताया।
जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने एसआईआर के नाम पर करोड़ों लोगों के नाम काटे जाने का मुद्दा उठा इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने राज्य सरकार की नितियों माखौल उड़ाते हुए कहा कि किसानों को एक एकड़ में 13839 देने की घोषणा भी एक चुनावी जुमला हो सकता है। किसानों का एक-एक दाना खरीदने का वादा करने वाली इसी सरकार ने पिछले वर्ष किसानों के घर-घर जाकर धान की निगरानी के लिए कोठी तक को चेक करवाया था। ऐसी जुमलेबाज सरकार पर भरोसा करना किसानों एवं जनता के लिए आत्मघाती हो सकता है।
पूर्व विधायक लेखराम साहू ने बताया कि सीईसी ज्ञानेश कुमार केन्द्र सरकार के इशारे पर देशवासियों से वोट देने की अधिकार छीन रहे हैं। ऐसे भ्रष्ट अधिकारी को उनके पद से हटा चुनाव आयोग में पारदर्शी व्यवस्था के साथ आयुक्तो की नियुक्ति की जाए।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष महिम शुक्ला,आनंद पवार,राजकुमारी दीवान, प्रहलाद चंद्राकर, गीताराम सिन्हा, रामेश्वर साहू, जानसिंह यादव, कामराय साहू, देवव्रत साहू, डुमेश साहू, प्रमोद साहू, मनोज अग्रवाल, चंद्रप्रकाश देवांगन सहित जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ कार्यकर्ता और कुरूद मेघा क्षेत्र के नागरिक उपस्थित थे।