धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 17 नवंबर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जनपद पंचायत मगरलोड क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से चयनित कुल 48 तीर्थयात्रियों एवं 2 अनुरक्षकों के दल को जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र साहू ने हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ दर्शन के लिए रवाना किया। भाजपा नेताओं ने सभी यात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ दी।
मगरलोड में 17 नवंबर को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सोमनाथ गुजरात के लिए 48 तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना किया गया। जनपद अध्यक्ष श्री साहू ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। उन्होंने सभी यात्रियों को सुखद, मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि तीर्थयात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी महत्वपूर्ण परंपरा है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है, जो अत्यंत सराहनीय एवं जनकल्याणकारी पहल है।
जनपद अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है। यह योजना बुजुर्गों के जीवन में आध्यात्मिक आनंद और सुखद अनुभव जोडऩे का कार्य कर रही है। इस अवसर पर टीकम साहू, किशन साहू, वेदराम सिन्हा, गोवर्धन साहू, दुष्यन्त पटेल आदि उपस्थित थे ।