धमतरी

नया रायपुर की तर्ज पर हो करेली नपं का विकास-अजय
17-Nov-2026 6:14 PM
नया रायपुर की तर्ज पर हो करेली नपं का विकास-अजय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 17 नवंबर। नगर पंचायत करेली-खट्टी में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास अनुज्ञा पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें विधायक अजय चंद्राकर ने नगर पंचायत क्षेत्र में 3 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं पीएम आवास के 307 हितग्राहियों को अनुज्ञा प्रमाण पत्र वितरित कर नगर के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकता बताया।

मगरलोड ब्लॉक अंतर्गत नवगठित नगर पंचायत करेली में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर थे। अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने की। इस मौके पर मुख्य अतिथि श्री चंद्राकर ने कहा कि उनका सपना है कि नया रायपुर की तर्ज पर करेली नपं विकसित हो। यहां नागरिक सुविधाओं का विस्तार होना चाहिए। बिजली सब स्टेशन, स्कूल, अस्पताल, उपतहसील, पुलिस चौकी, आईटीआई, महतारी सदन, मुख्य व्यावसायिक केंद्र, सडक़ निर्माण सहित विभिन्न सुविधाओं के विकास से नगर को नई पहचान मिल रही है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एनीकट, पुल-पुलिया, गार्डन और औद्योगिक क्षेत्र के विकास के कार्य भी आगे बढ़ रहे हैं। नगर पंचायत की घोषणा, महाविद्यालय की स्वीकृति, मनी कंचन केंद्र एवं शौचालय निर्माण जैसे कार्य नगर के विकास की महत्वपूर्ण कडिय़ां हैं।

विधायक ने मेघा पुल टूटने के बाद खट्टी-नारी पुलिया से शुरू हुए आवागमन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिली है और लोगों को पुल की महत्ता का एहसास हुआ है। उन्होंने यहां जिला सहकारी बैंक के नए भवन को स्वीकृति मिलने की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों की सुविधा के लिए करेली में जल्द धरसा निर्माण कराया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आवास का लाभ किसी पार्टी विशेष के आधार पर नहीं, बल्कि वास्तविक जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों को मिलना चाहिए। योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाना है।

कार्यक्रम में एसडीएम पीयूष तिवारी, सीएमओ भरत साहू, जिला पंचायत सभापति मीना-डेमू साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्याम साहू, कल्याण राजपूत, होरीलाल साहू, राजेश साहू, महेंद्र साहू, टोपराम सोनकर, कुशलकांत साहू सरपंच राजेश्वरी पटेल, इंदु साहू, विनीता देशमुख, सरिता कश्यप, डगेश्वर सोनकर, संतोष सोनी, छबि लाल साहू, प्रीतराम देवांगन, गोपाल साहू, रामआश्रु, कृपाराम, भोजराम, पदुमलाल, रामदयाल, प्रदीप, मुकेश, यदुनंदन, भागवत, प्रेमलाल, कमलेश, रोहित, लेखराम साहू आदि उपस्थित थे।।


अन्य पोस्ट