धमतरी
जिपं अध्यक्ष सहित चुनाव प्रभारी कार्यकर्ताओं की ले रहे बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 नवंबर। नवगठित नगर पंचायत करेली के पहले चुनाव में जीत हासिल करने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनाव की जिम्मेदारी पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शशि पवार, सहप्रभारी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा तथा नगर पालिका कुरुद अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर को सौंपी है। तीनों नेता गांवों में बैठक लेकर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि विधायक अजय चंद्राकर के प्रयासों से ग्राम पंचायत करेली को नगर पंचायत का दर्जा मिला है। यहां 15 वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, हालांकि चुनाव की तारीख घोषित होना बाकी है। कांग्रेस के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में जीत दर्ज करना भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को हसदा में भाजपा मेघा मंडल की संगठनात्मक बैठक हुई। चुनाव प्रभारी शशि पवार, अरुण सार्वा और ज्योति चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
अरुण सार्वा ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आम लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनने की बात कही।
बैठक में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने, मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और स्थानीय समस्याओं की जानकारी जुटाकर जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष कल्याण राजपूत, श्याम साहू, होरीलाल, कुशलकांत, महेंद्र साहू, प्रीतराम देवांगन, संतोष सोनी, दानेश्वर सिन्हा, विद्या यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।