धमतरी

विधायक अजय ने किया जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन
13-Nov-2026 6:49 PM
विधायक अजय ने किया जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 13 नवंबर। राज्य सरकार की समूह जलप्रदाय योजना के तहत नगर पालिका कुरुद सहित चर्रा के कुछ इलाकों में आगामी 30 वर्षों तक पेयजल उपलब्ध कराने 11 करोड़ 85 लाख रुपये की परियोजना का भूमिपूजन विधायक अजय चन्द्राकर, नपा अध्यक्ष नपाध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर, सहकारी बैंक रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा आदि अतिथियों ने किया।

कुरूद अटल परिसर स्थित वाटर फिल्टर प्लांट में आयोजित जल आवर्धन योजना का शिलान्यास करते हुए मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नगरहित में कार्य करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि असहमति का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है, लेकिन विचार-विमर्श के माध्यम से सहमति तक पहुंचना इसकी खूबसूरती है। अपने लंबे राजनीतिक अनुभव के आधार पर विधायक ने बताया कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही केवल राजनीतिक दल तक सीमित नहीं होनी चाहिए। अपने कार्यक्षेत्र और मतदाताओं के हितों का ध्यान रखना निर्वाचित जनप्रतिनिधि का मूल कर्तव्य है। अत: पार्टी प्रेम को सर्वोपरि मानने की जगह राष्ट्र और नगरप्रेम को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए।

श्री चंद्राकर ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन स्थानीय विकास के मुद्दों पर पक्ष-विपक्ष की सीमाओं से ऊपर उठकर निर्णय लेना जरूरी है। अजय ने नाली, सडक़ जैसी बुनियादी सुविधाओं की तंगी का जिक्र करते हुए बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या में हुई बढ़ोतरी को रेखांकित करते हुए पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था में फोकस करने की सलाह दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने जल आवर्धन योजना को नगर के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि वाटर फिल्टर प्लांट की क्षमता वृद्धि से आगामी 30 वर्षों तक पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इस मौके पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अपने कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए बताया कि मैंने देश के विभिन्न जिलों में काम किया, लेकिन कहीं भी एक विधानसभा में कुरुद जैसा सर्वांगीण विकास नहीं देखा। स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से उपर उठकर जो काम जिला मुख्यालय में संभव नहीं हो सका, उसे यहां के जनप्रतिनिधि ने कुरुद में संभव कर दिखाया है। उन्होंने कुरुद क्षेत्र में जारी करोड़ों के विकास कार्यों की लंबी फेहरिस्त गिनाईं।

वहीं कार्यक्रम में मौजूद कुछ कांग्रेसी नेताओं ने 2015 से 19 के बीच मेघा महानदी एनीकट से पाइप लाइन के जरिए कुरुद में पानी लाकर घरों तक शुद्ध पानी पहुंचाने की योजना की नाकामी को लेकर सवाल खड़े किए। जिसमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं स्थानीय निकाय द्वारा करीब 25 करोड़ रुपए खर्च करने के बावजूद नगर को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

 इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष देवव्रत साहू,पूर्व नपं अध्यक्ष रविकांत चंद्राकर, वरिष्ठ पार्षद मनीष साहू, मंजू प्रमोद साहू, एल्डरमैन भानु चंद्राकर, मालकराम साहू, अनिल चन्द्राकर, कृष्णकांत साहू, प्रभात बैस, एसडीएम पीयूष तिवारी, तहसीलदार सूरज बंझोर, सीएमओ महेंद्र गुप्ता, एसडीओ श्री मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


अन्य पोस्ट