धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 11 नवंबर। पुलिस की मुस्तैद व्यवस्था के चलते इस बार कुरुद क्षेत्र में दीपावली पर कहीं पर भी कोई गंभीर अपराध की घटना नहीं हुई। मगरलोड थाना और बिरेझर चौकी क्षेत्र में जुआ फंड में छापेमारी कर पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा, लेकिन कुरुद क्षेत्र में कुछ जगहों पर जमा हुए जुआरियों को खदेडऩे का काम किया। परन्तु नगर के एक गौरा पंडाल में करंट से चिपक कर एक युवक की मौत माहौल को गमगीन कर दिया।
मंगलवार सुबह करीब 4.30 बजे नगर के वार्ड क्रमांक 1 में गौरा-गौरी पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब चौरा सजाने के लिए लगाए गए झालर लाइट के करंट की चपेट में आकर 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरसा चौक निवासी सूरज पिता मिलन साहू गौरा-गौरी उत्सव में शामिल था। इसी दौरान चौरा सजाने के लिए लगाए गए झालर लाइट का विद्युत करंट पंडाल के लोहे एंगल में फैल गया। युवक ने जैसे ही एंगल को पकड़ा वह करंट की चपेट में आ गया। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे करंट से छुड़ाया और तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। तब तक देर हो चुकी थी, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पर्व के बीच हुए इस हादसे ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया।
इस घटना को छोड़ दें तो क्षेत्र में कहीं पर भी कोई गंभीर घटना नहीं हुई।
एसडीओपी रागिनी मिश्रा ने बताया कि त्योहार के पहले से ही पुलिस विवाद और फ़साद होने की संभावना वाले गांवों को चिन्हित कर वहां के जिम्मेदार लोगों के साथ मिटिंग कर विवादित मुद्दों को हल किया। इसके अलावा कोटवार से लेकर पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया। सभी थाना क्षेत्रों में दो-दो पेट्रोलिंग पार्टी लगाई गई जो शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंच गई। जिसके चलते अपराधी तत्वों को फसाद का मौका नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि मगरलोड थाना और बिरेझर चौकी क्षेत्र में जुआ खेलने वाले कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कहीं कहीं पर गलत नियत से इकठ्ठा हुए लोगों को खदेडऩे का काम किया गया।
टीआई कमलेश ठाकुर का कहना है कि दीवाली तो शांति से निपट गई, आज से गांवों में शुरू हो रहे मातर मड़ाई में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूरा फोकस है।।