धमतरी

अरपा पैरी के धार का सामूहिक गायन के साथ मना राज्य स्थापना दिवस
01-Nov-2026 8:22 PM
अरपा पैरी के धार का सामूहिक गायन के साथ मना राज्य स्थापना दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 1 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर धमतरी कलेक्टोरेट परिसर में राज्य स्थापना दिवस उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिसके तहत छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर अधिकारी कर्मचारियों ने  माल्यार्पण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने छत्तीसगढ़ की अस्मिता, गौरव और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ का सामूहिक गायन किया।

1 नवम्बर को आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति श्रद्धा और सम्मान के साथ प्रदेश की गौरवशाली विरासत, समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा का स्मरण किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ की माटी, लोकजीवन, सांस्कृतिक विविधता और यहां के मेहनतकश लोगों के योगदान को भी याद किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण एक नन्ही बालिका रही, जो छत्तीसगढ़ महतारी की पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर कार्यक्रम में शामिल हुई। लोगों ने उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

यह दृश्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और नई पीढ़ी में अपनी माटी एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना का सुंदर प्रतीक बना। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने में सभी नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा  कि 2 नवम्बर को धमतरी में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगायी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से कार्यक्रम में आने की भी अपील की है ।


अन्य पोस्ट