धमतरी

स्वामित्व योजना में पटवारियों पर गड़बड़ी का आरोप, कलेक्टर से शिकायत
26-Oct-2026 7:13 PM
स्वामित्व योजना में पटवारियों पर गड़बड़ी का आरोप, कलेक्टर से शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 26 अक्टूबर। स्वामित्व योजना के अन्तर्गत ड्रोन सर्वे में नाम दर्ज होने व वैध पट्टा कब्जा होने के बावजूद हल्का पटवारी द्वारा गलत रिर्पोट देने की कलेक्टर से शिकायत करते हुए मेघा के गोविंद साहू ने इसे लोक सेवक के दायित्वो का घोर उल्लंघन बताते हुए कार्यवाही की मांग उठाई है। इसी तरह ग्राम बानगर के राकेश यादव ने हड़ताल अविधि में काम कर संबंधित पटवारी पर जांच की निष्पक्षता पर भी आपत्ति जताई है।

धमतरी कलेक्टर से लिखित शिकायत करते हुए गोविंद पिता माखन साहू ग्राम-मेघा तहसील मगरलोड ने बताया कि ग्राम पंचायत मेघा की आबादी भूमि खसरा नं. 2631/1 प्लाट नं. 215, 216 (पुराना) खसरा नं. 2154 (नया) रकबा 496 वर्गमीटर भूखण्ड पर पूर्वजों के समय से शांतिपूर्ण एवं वैध कब्जा व आधिपत्य चला आ रहा है। जिसका स्वामित्व योजना के तहत ड्रोन सर्वे किया गया जिसमें मेरा नाम खसरा नंबर सहित क्षेत्रकल भी दर्ज है। इसके बावजूद हल्का पटवारी संगीता साहू द्वारा द्वेषवश ग्राम पंचायत को असत्य, भ्रामक एवं गलत रिर्पोट प्रस्तुत की है, यह मेरे वैध कानूनी अधिकारों को क्षति पहुँचाने का प्रयास है। आवेदक ने पटवारी द्वारा प्रस्तुत गलत रिर्पोट को विधि एवं प्राकृतिक न्याय सिद्धांतों के विपरीत बताते हुए भू राजस्व संहिता की धारा 115 के प्रावधानों के तहत भ्रामक रिर्पोट को निरस्त करते हुए पटवारी  के विरूद्ध कार्यवाही की मांग की है।

इसी तरह कुरुद तहसील के ग्राम बानगर में कातलबोड़ हल्का  पटवारी लालजी ध्रुव 24 अक्टूबर को स्वामित्व योजना के तहत दावा-आपत्ति के एक मामले की जांच करने पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ की 13 अक्टूबर से जारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल के बीच जारी जांच का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पटवारियों के कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले के आवेदक ने जांच की निष्पक्षता पर भी आपत्ति जताई है।

उन्होंने अपनी जमीन किसी अन्य के नाम दर्ज करने को लेकर चौपाल में पटवारी से सवाल किया। तब पटवारी इसके लिए कोटवार को जिम्मेदार ठहरा अपना बस्ता उठाकर चले गए। पटवारियों की प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच स्वामित्व योजना के दावा-आपत्ति का निपटारा करने पटवारी रिकॉर्ड लेकर बानगर पहुंचे और कोटवार पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में जांच प्रक्रिया पूरी की। इसका वीडियो वायरल होने के बाद हड़ताल के दौरान काम करने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

इस घटना ने संगठन की एकजुटता को लेकर गंभीर चर्चा छेड़ दी है। इस बारे में पटवारी संघ के प्रांतीय प्रवक्ता वीरेंद्र बैस ने कहा कि प्रदेशभर के पटवारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने दावा किया कि पटवारी लालजी ध्रुव प्रशासनिक अधिकारियों के दबाव में स्वामित्व योजना के सर्वे के लिए बानगर पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित पटवारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट