धमतरी

पटवारियों की हड़ताल को तृतीय वर्ग कर्म. संघ का समर्थन
23-Oct-2026 7:07 PM
पटवारियों की हड़ताल को तृतीय वर्ग कर्म. संघ का समर्थन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 23 अक्टूबर। ऑनलाइन में तमाम त्रुटियों को सुधार की मांग लेकर पटवारी संघ हड़ताल पर हैं। अब उन्हें छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का भी समर्थन मिल गया है। तहसील शाखा अध्यक्ष राजेश पाण्डेय ने पटवारियों की मांगों को न्यायोचित व व्यावहारिक बताते हुए सरकार से त्वरित निराकरण की मांग की है।

13 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ प्रदेश के पटवारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। पटवारियों का कहना है कि बीते चार साल से ऑनलाइन भुइयां में तमाम दिक्कतों से संबंधित पक्षों को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। ऑनलाइन की समस्या पटवारी की ही नहीं है, आम आदमी एवं किसानों की समस्या है। पटवारी सीधे पब्लिक से जुड़ा होता है, इसलिए सब बंदिशों के लिए उन्हें ही कोपभाजन का शिकार होना पड़ता है। जबकि इसमें सुधार का ऑप्शन पटवारी के आईडी में नहीं होता, इसे सरल और सुगम बनाने की मांग करते हुए पटवारी हड़ताल पर बैठे हैं।

छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर अपनी विभिन्न समस्याओं व मांगों को लेकर जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ है।

कुरुद तहसील शाखा अध्यक्ष राजेश पाण्डेय ने पटवारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि पटवारी राजस्व प्रशासन की रीढ़ की हड्डी हैं और शासन की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर अमलीजामा पहनाने में दिन-रात काम करते हैं।

डिजिटल फसल सर्वे, पीवी ऐप की तकनीकी खामियां और गिरदावरी की व्यावहारिक कठिनाइयों के बीच पटवारियों पर अनुचित प्रशासनिक दबाव बनाया जाना उचित नहीं है।  हड़ताल के चलते नामांतरण, फौती, सीमांकन, जाति-निवास प्रमाण पत्र तथा धान खरीदी से जुड़े राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम जनता और किसानों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट