धमतरी

रामलीला मंचन के बाद रावण दहन
21-Oct-2026 7:18 PM
रामलीला मंचन के बाद रावण दहन

मां दुर्गा प्रतिमा व ज्योत जंवारा का विसर्जन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 21 अक्टूबर। खेल मैदान में दशहरा की रात अभिव्यक्ति कला मंच द्वारा रामलीला एवं रावण वध का सजीव मंचन कर लंकापति का दहन किया गया। मंच से विधायक अजय चंद्राकर ने पर्व के साथ साथ नक्सल मुक्त बस्तर, नई रेल सेवा की बधाई देते हुए समाज को नशामुक्ति के लिए खड़े होने का आह्वान किया। इसके पूर्व दिन में चंडी मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों एवं पंडालों में विराजित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन किया गया। बुधवार को भी माता विदाई हुई, जिसमें हजारों लोग सहभागी बने।                                                                              

  बस्तर की तरह ही मशहूर कुरुद दशहरा इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दशहरा समिति द्वारा लोगों के मनोरंजन के लिए छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध 6 सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दुर्गोत्सव समिति द्वारा चुनरी यात्रा सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम कराये गये।

विजयादशमी की रात  मंच पर रामलीला का मंचन हुआ। रामदल एवं रावण सेना में चरित्र आधारित वेशभूषा में सजे कलाकारों ने रावण वध की सजीव प्रस्तुति दी। इस बीच मंच पर अतिथियों का स्वागत किया गया।

आयोजन समिति संयोजक अजय चन्द्राकर ने नगर की इस गौरवशाली परंपरा की निरंतरता पर प्रशंसा जताते हुए कहा कि विचारधारा एवं जाति धर्म से परे सभी वर्गों की  सहभागिता ही इस आयोजन को भव्य बनता है। उन्होंने दशहरा को नैतिक बल और सत्य की जीत का प्रतीक बताते हुए आयोजकों को संदेश परक थीम आधारित प्रोग्राम तय करने की सलाह दी। विधायक ने नशे के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए इसके खिलाफ समाज को खड़ा होने की जरूरत बताई।

 नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकार ने आयोजन की सफलता में योगदान देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन समिति अध्यक्ष अनिल चन्द्राकर ने अतिथियों सहित कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का अभिनंदन किया। अंत में महासचिव भानु चंद्राकर ने आभार व्यक्त किया।

इसके पूर्व दिन में चंडी मंदिर, शीतला, कंकाली, अंगार मोती मंदिर और घरों में विराजित ज्योत जंवारा का भक्ति भाव के साथ विसर्जन किया गया। इसके अलावा  गांधी चौक, बजरंग चौक, कारगिल चौक में विराजित मां दुर्गा की प्रतिमा का भी विसर्जन किया गया।

 बुधवार को मंडी, नया, पुराना बाजार, सरोजनी चौक, संजय नगर, पचरीपारा धोबनीपारा आदि स्थानों पर विराजित मां अम्बे की विसर्जन यात्रा निकाली गई। जिसमें सेवा, जसगीत के साथ बाना लेने वाले भक्तों ने नाचते गाते हुए माता को विदाई दी।

शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस प्रशासन ने तगड़ी तैयारी की थी । जिसके चलते नगर में सभी आयोजन शांति और सद्भावना के साथ सम्पन्न हुए।


अन्य पोस्ट