धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 21 अक्टूबर। अपने स्थापना के 126 बरस बाद कुरुद रेलवे स्टेशन को ब्रॉडगेज इलेक्ट्रिक ट्रेन की आवाज सुनाई दी। मौका था रायपुर से कुरुद तक शुरू की गई आधुनिक इलेक्ट्रिक ट्रेन की पहली यात्रा का। जिसका केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से वर्चुअल एवं रायपुर से मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। कुरुद में विधायक सहित हजारों लोगों ने नई रेल सेवा का स्वागत कर मिठाई बांटी।
धमतरी जिले में रेल कनेक्टिविटी विस्तार की बहुप्रतीक्षित मांग फिलहाल कुरूद क्षेत्र के लोगों की तो पूरी हो गई। दशहरा के दिन रायपुर से कुरूद के लिए निकली ब्रॉडगेज ट्रेन यहां से 4 बसों में गये नागरिकों सहित सिर्री, चटौद के यात्रियों को लेकर कुरूद स्टेशन पहुंची। जहां विधायक अजय चंद्राकर,नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकार, सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा,राइस मिल एसो.के अनिल चन्द्राकार, हितेन्द्र केला, सुनील अग्रवाल सहित हजारों लोग स्वागत में झंडा और फूलमाला लेकर खड़े थे।
ज्ञात हो कि 20 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी विस्तार के तहत केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रावघाट-रायपुर एवं रायपुर-कुरूद यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रेलखंड पर यात्री सेवा शुरू होने से कम खर्च में सिर्री, चटौद और कुरूद स्टेशन के माध्यम से लोगों को रेल नेटवर्क से जुडऩे का अवसर मिलेगा। इससे सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
कुरूद में नई रेल के स्वागत में खड़े विधायक श्री चंद्राकर सहित अन्य अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने फूलों की पंखुडिय़ां बरसाकर रेलगाड़ी और यात्रियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
इस मौके पर विधायक अजय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, ब्रॉडगेज रेल कनेक्टिविटी से जुडऩे से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने नैरोगेज में गुड्स ट्रेन चलने का हवाला देते हुए कुरूद में रेक पांइट और मालगाड़ी चलाने की जरूरत बताई। जिससे राइस इंडस्ट्रीज, मछली,फल सब्जी और वनोपज के कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है।
नपा अध्यक्ष ज्योतिभानु चन्द्राकार, बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने बताया कि यहां से राजधानी तक का सफर मात्र 20 रुपए में किया जा सकता है। इससे नौकरीपेशा, कामकाजी और छोटे व्यापारियों को काफी लाभ मिलेगा। 8 बोगियों वाली दो ट्रेनें यात्रियों को लाने ले जाने का काम करेंगी।
ज्ञात हो कि राजधानी से निकली इस नई रेल में कुरुद से बस में गये करीब 200 लोगों के अलावा रायपुर के कुछ शातिर जेबकतरे भी सवार होकर कुरुद पहुंचे थे। यहां भीड़ भाड़ का फायदा उठाकर कई लोगों की जेब से हजारों रूपए पार कर दिए। जिसकी शिकायत पुलिस अधिकारी से की गई है। बहरहाल कुरुद में नई ट्रेन का स्वागत करने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोग स्टेशन पर मौजूद थे।