धमतरी
विधायक ने माता के चरणों में मत्था टेका, क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 18 अक्टूबर। क्वांर नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर कुरूद पूरी तरह मां आदिशक्ति की भक्ति में रंग गई। नव दुर्गोत्सव समिति कारगिल चौक एवं नव दिव्य दुर्गोत्सव समिति गांधी चौक के तत्वावधान में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। दशहरा समिति द्वारा महतारी लोककला मंच का मंचन हुआ। एक दिन पहले चर्रा में जगराता का आयोजन हुआ। उक्त सभी कार्यक्रम में दर्शकों की खासी भीड़ उमड़ी।
शनिवार शाम नंदी सवारी की मनमोहक झांकी और रहस्यमयी ‘प्रेत झांकी’ के साथ 21 मीटर लंबी दिव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। जिसमें विधायक अजय चंद्राकर शामिल होकर मां भगवती के चरणों में मत्था टेका और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत अलौकिक दृश्य एवं पारंपरिक ‘बस्तरिहा नाचा’ देखने सडक़ के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। चुनरी यात्रा थाना चौक, पुराना बाजार, सरोजनी चौक, पुराना बस स्टैंड और कारगिल चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। रास्ते में श्रद्धालुओं ने चुनरी पर पुष्पवर्षा कर मां का अभिनंदन किया।
इसी तरह दशहरा समिति द्वारा खेल मैदान में चंद्रभूषण वर्मा कृत महतारी लोककला मंच का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को अतिथि बनाया गया था। देर रात तक चले इस छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने काफी दर्शक पहुंचे।
एक दिन पूर्व सांसद आदर्श ग्राम चर्रा में किरण शर्मा और ग्रुप कलाकारों द्वारा लोक झंकार माता का जगराता कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिसमें छत्तीसगढ़ की लोक परम्परा जंवारा, ज्योति स्थापना, जसगीत, गौरा-गौरी गीत, सुआ गीत, संगीत-नृत्य, कला को आधुनिक परिवेश में लाईट एवं साऊण्ड के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
देर रात्रि तक चले जगराता में श्रोता भक्तिभाव से झूमते रहे ।