धमतरी

नवरात्र की धूम, गरबा में उमड़ी भीड़
16-Oct-2026 6:59 PM
नवरात्र की धूम, गरबा में उमड़ी भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 16 अक्टूबर। कुरूद नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गोत्सव की धूम है। भक्ति और उल्लास का माहौल है। मंदिरों में भव्य साज-सज्जा के साथ मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित की गई है और विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों में भारी भीड़ उमड़ रही है।

नवरात्र पर नगर के ऐतिहासिक चंडी मंदिर में 2,341, महाकाली छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में 196 और शीतला माता मंदिर में 95 मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित कर घटस्थापना और जंवारा बोया गया है। सुबह-शाम माता सेवा और भजन-गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।

नगर दशहरा समिति द्वारा खेल मेला मैदान में मीना बाजार और प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विधायक अजय चंद्राकर, नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक इन आयोजनों में शामिल हो रहे हैं। रामजानकी चंद्राकर भवन (कुर्मी भवन) में पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागी संगीत की धुन पर गरबा और डांडिया का आनंद ले रहे हैं, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी देवी आराधना की धूम है।  संस्कृति विभाग और स्थानीय स्तर पर आयोजित आर्केस्ट्रा एवं छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में भी उत्सव का माहौल बना हुआ है।


अन्य पोस्ट