धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 12 अक्टूबर। देश के रेल नेटवर्क की मुख्य धारा से जुडऩे क्षेत्रवासियों की बरसों पुरानी चाह एक बार फिर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का 12 अक्टूबर को प्रस्तावित दौरा रद्द होने से अधूरी रह गई। विधायक सहित सैकड़ों लोग रायपुर से कुरुद तक चलने वाली इस पहली ब्रॉड गेज इलेक्ट्रिक ट्रेन में यात्रा कर इतिहास रचने का सपना संजोए थे, वो भी पूरा नहीं हो सका। इन सभी को अगली तारीख का इंतजार है।
गौरतलब है कि आजादी के बाद से अब तक ब्रॉड गेज इलेक्ट्रिक ट्रेन को अपने जिले में धड़धड़ाता देखने की इच्छा रखने वाले हजारों लोगों ने राहत की सांस ली, जब रेल मंडल ने पहले 9 और फिर 12 अक्टूबर को रायपुर से कुरुद तक ट्रेन सेवा शुरू करने का ऐलान किया। जनप्रतिनिधियों के अलावा सैकड़ों लोगों ने रायपुर जाकर इस ऐतिहासिक ट्रेन में कुरुद तक सफर करने की तैयारी की थी। लेकिन एन वक्त में रेल मंत्री ने अपना इरादा बदल दिया। इस औचक बदलाव से रेलवे प्रशासन की महीनों से चल रही तैयारियां धरी रह गई हैं। कुरूद क्षेत्र में आधुनिक रेल सेवा की स्वागत की आस लगाए बैठे आम नागरिकों में गहरी निराशा छा गई।
ज्ञात हो कि रायपुर-धमतरी के बीच 67 किमी नैरोगेज में चलने वाली ट्रेन सेवा भी 2019 से बंद है। राजिम, अभनपुर, धमतरी कुरुद को बड़ी रेल लाइन से जोडऩे की कवायद पिछले कुछ वर्षों से जारी है। इसके प्रथम फेस में राजिम अभनपुर को मंदिर हसौद के रास्ते रायपुर तक जोड़ दिया गया है। सेकंड फेस में अभनपुर से कुरुद तक बड़ी रेल सेवा को शुरू करना था, वो भी रेल मंत्री के नहीं आने से रद्द कर दिया गया।
कुरूद से धमतरी तक पटरी बिछाने सहित कुछ अन्य तकनीकी निर्माण का काम जारी है। जिसे पूरा होने में और 4 महीने का समय लग सकता है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार रायपुर-धमतरी रेल लाइन में सफर का सपना नये साल में पूरा हो सकता है।