धमतरी

महतारी वंदन की राशि सुकन्या योजना में लगा माताएं उठा सकती है बड़ा लाभ-सिंधु बैस
30-Sep-2026 6:55 PM
महतारी वंदन की राशि सुकन्या योजना में लगा माताएं उठा सकती है बड़ा लाभ-सिंधु बैस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 30 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम कुर्रा के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत  रंगोली, मेहंदी, क्विज एवं स्वस्थ बालक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग सभापति सिंधु बैस ने महिलाओं को महतारी वंदन में मिलने वाली राशि को सुकन्या योजना में निवेश कर भरपूर लाभ उठाने की सलाह दी।

कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कुर्रा में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि अतिथि सिंधु बैस ने  ग्रामीणों को कुपोषण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए परिवार के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं की सहभागिता को समाज के विकास में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिसमें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हज़ार रुपये दिया जाता है। माताएं चाहे तो इस राशि को सुकन्या योजना में लगा अपनी बेटी का भविष्य उज्जवल बना सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से रंगोली, मेहंदी, क्विज तथा स्वस्थ बालक प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही सुपोषण आहार के रूप में खीर पुड़ी, मुंग चना और हलवा खिलाया गया। तत्पश्चात महिला हितग्राही राशिदा बेगम एवं गायत्री को महतारी सम्मान, आंगनबाड़ी केंद्र में उत्कृष्ट सहयोग के लिए सुग्रीव दीवान, सीताराम पटेल को तथा स्वस्थ बच्चे की माता के रूप में हीरा बैस को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सरपंच धर्मीन यादव, संतोषी पटेल, ललीता साहू, हिमांशी बैस, खुबली साहू सहित बहुत सी महिलाएं, ग्रामीण और बच्चे उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट