धमतरी

सीईसी को हटाने कांग्रेस ने कलेक्टोरेट घेरा, भाजपा ने आरोपों पर मांगे प्रमाण
29-Sep-2026 9:03 PM
सीईसी को हटाने कांग्रेस ने कलेक्टोरेट घेरा, भाजपा ने आरोपों पर मांगे प्रमाण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 29 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं निर्वाचन प्रक्रिया में कथित गड़बडिय़ों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जनपद चौक से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाल कर कलेक्ट्रेट का घेराव किया।

कुरुद व धमतरी क्षेत्र से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जनपद चौक के समीप नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी एवं इस्तीफे की मांग की।

 जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूचियों की निष्पक्ष जांच कराने और जि़म्मेदारी तय करने की मांग की।

 धमतरी विधायक ओंकार साहू तथा जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर ने संबोधित करते हुए चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक लेखराम साहू, वरिष्ठ नेता मोहन लालवानी, शरद लोहाना, विजय देवांगन, विपिन साहू, आनंद पवार, तपन चंद्राकर, ब्लॉक अध्यक्ष योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, महिमा शुक्ला, होमेंद्र साहू, अनवर रजा, विनीत बाफना, शारदा साहू, जानसिंग यादव और रमेश्वर साहू सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

अगले दिन कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिंदूजा ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कांग्रेस के पास यदि मतदाता सूची या चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के संबंध में कोई ठोस प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करने के साथ संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत करना चाहिए। केवल पुतला फूंकने, नारेबाजी करने और कलेक्ट्रेट का घेराव करने से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर लगाए गए आरोप साबित नहीं हो जाते।संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस ठोस प्रमाण दें, अपनी हार की खीज में लोकतंत्र को बदनाम करना बंद करे नहीं तो जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।


अन्य पोस्ट