धमतरी
सीएम से भेंट, बधाई के साथ मिला सहयोग का आश्वासन
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कुरुद, 17 सितंबर। छत्तीसगढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। जिसमें प्रदेश के सभी जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं, अधिकारों, दायित्वों एवं जनपद पंचायतों के संचालन से जुड़े विषयों पर चर्चा करने संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूत करने का निर्णय लिया गया।
रायपुर में 16 सितंबर को आयोजित बैठक में जनपद पंचायतों के कार्यों में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों की भूमिका एवं अधिकारों, पंचायतों के बेहतर संचालन तथा शासन-प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, जनपद पंचायतों से जुड़े विषयों को सामूहिक रूप से शासन के समक्ष रखने और अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों की समस्याओं के निराकरण के लिए संगठित प्रयास करने पर भी चर्चा हुई। इसके पश्चात संघ की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया।
जिसमें सर्व सम्मति से मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू को प्रदेश अध्यक्ष तथा पुष्पा खुंटे को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा शारदा देवांगन, ममता सिंह, प्रकाशचंद्र जाखड़, मोहित पटेल, हुलसी चंद्राकर, इंद्रानी साहू, संजू गोपाल साहू, मंगलू नुरेटी, राजेश्री त्रिपाठी, जितेंद्र साहू एवं अरविंद गुप्ता को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शरण वर्मा को संरक्षक, कीर्ति नायक, अनिल सिंह, तरुण पांडे, मनोज अग्रवाल एवं गोपाल शुक्ला को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। अनिल अग्रवाल कोषाध्यक्ष तथा सीताराम चंद्रा को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने कहा कि संघ का उद्देश्य जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों को एकजुट कर उनके हितों से जुड़े विषयों को उचित मंच पर मजबूती से रखना है। साथ ही, पंचायत व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा जनपद पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में संगठन कार्य करेगा।
बैठक के अंत में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर अपने उद्देश्य पूर्ति के लिए आशीर्वाद माँगा। सीएम साय ने अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सरकार से सहयोग का भरोसा दिलाया।