धमतरी

लैंगिक समानता पूरे समाज की जिम्मेदारी है- जनपद अध्यक्ष
13-Sep-2026 7:06 PM
लैंगिक समानता पूरे समाज की जिम्मेदारी है- जनपद अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 13 सितंबर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत  कोर्रा-हंचलपुर में जेंडर सभा का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं को लैंगिक भेदभाव, घरेलू एवं लैंगिक हिंसा, बाल विवाह, भ्रूण हत्या, पोषण तथा अपने हक-अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा क्लस्टर की वार्षिक आम सभा भी हुई।

 कुरुद जनपद अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी होने के साथ निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने महिलाओं से स्व-सहायता समूहों एवं आजीविका गतिविधियों से जुडक़र आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। जिपं सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी और आर्थिक आत्मनिर्भरता जरूरी है।

उन्होंने सामुदायिक संस्थाओं एवं स्व-सहायता समूहों में पारदर्शिता, जवाबदेही और सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि घरेलू जिम्मेदारियां महिला और पुरुष दोनों की समान जिम्मेदारी हैं। जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू ने बताया कि लैंगिक समानता पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान और अवसर देकर ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने बाल विवाह, भ्रूण हत्या और महिलाओं के साथ भेदभाव जैसी कुरीतियों के विरुद्ध सामूहिक रूप से आवाज उठाने तथा बेटियों की शिक्षा और महिलाओं की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की अपील की।

जेंडर सभा में नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद, खेल एवं रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से लैंगिक समानता का संदेश दिया गया। विधवा महिलाओं के प्रति भेदभाव, घरेलू कार्यों के असमान बंटवारे और लैंगिक हिंसा जैसे विषयों को गतिविधियों के माध्यम से समझाया गया। इस अवसर पर सरपंच खिलेश्वरी ध्रुव, कार्यक्रम अधिकारी महेश मरकाम सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बिहान पदाधिकारी, जीआरसी सदस्य, सीआरपी दीदीयां एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।


अन्य पोस्ट