धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 12 सितंबर। गंगरेल बांध के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बांध से कुल 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें आरएसपी गंगरेल से एनआरबी की ओर 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं एनआरबी से एमएमसी की ओर 5 हजार क्यूसेक तथा महानदी में 25 हजार क्यूसेक पानी प्रवाहित किया जा रहा है।
शनिवार सुबह 8 बजे की स्थिति में गंगरेल बांध का जलस्तर 96.42 फीसदी दर्ज किया गया। बांध में 14983 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। मुरूमसिल्ली जलाशय 100 फीसदी भर गया है और आवक 5065 क्यूसेक, दुधावा जलाशय 91.80 फीसदी भरा है आवक 6491 क्यूसेक, सोढ़ुर जलाशय 74.80 फीसदी भरा एवं आवक 2196 क्यूसेक हो रही है। पिछले दो तीन दिनों से कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही वर्षा एवं बांधों में पानी की आवक को देखते हुए गंगरेल बांध से 10400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है जिसे रुद्री बैराज से 5000 क्यूसेक महानदी मुख्य नहर में तथा महानदी में 5400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है जिसकी मात्र और बढ़ाया जा सकता है।
गंगरेल के 6 गेट खुलने से मेघा एनीकट सहित कई और निचले भाग में आवागमन बंद कर दिया गया है। जिससे तिजहारीन महिलाओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोविन्द साहू मेघावाले ने बताया कि शनिवार सुबह एनिकट से 6 से 9 इंच उपर पानी बह रहा था, तब भी कुछ बाइक सवार जान जोखिम में डाल नदी पार कर रहे थे। निरंतर बढते जल प्रवाह को देखकर प्रशानिक अमले की गैरमौजूदगी में स्थानीय लोग तिजहारिन महिलाओं को एनीकट पार करने से रोकने का प्रयास कर रहे थे।
बांध का मुंह खुलने से अब एनिकट से आना जाना बंद हो गया है। जिसके चलते नदी पार के लोगों को धमतरी जाने के लिए सरगी, सोनेवारा, छुही सलोनी और कुरूद आने के लिए नारी, खट्टी करली के रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है। पहले लोग भारतमाला विशाखापट्टनम मार्ग से आवागमन कर रहे थे, लेकिन उसे भी अज्ञात कारणों से बंद कर दिया गया है। बहरहाल बांध से पानी छोडऩे के बाद जिला प्रशासन ने सावधानी बरतने की अपील जारी कर महानदी के किनारे बसें सभी गांवों में बाढ़ की स्थिति में नदी नाले एवं जल भराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और अनावश्यक रूप से नदी नाले पार न करने की चेतावनी दे दी है।