धमतरी
कुरुद-मड़ेली में मनाया ओबीसी दिवस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 11 सितंबर। 2027 की जनगणना में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम तथा जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी सुनिश्चित करने तक संघर्ष जारी रखने के आह्वान के साथ ओबीसी संयोजन समिति छत्तीसगढ़ के बैनर तले कुरूद विकासखंड के ग्राम मड़ेली में ओबीसी दिवस मनाया गया। जिसमें वक्ताओं ने सफलता मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कुरुद विधानसभा के ग्राम पंचायत मड़ेली में 10 सितंबर को ओबीसी दिवस का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर, त्यागमूर्ति राम लखन चंदापुरी तथा शहीद चूल्हाई राम के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में समिति संस्थापक अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू ने ओबीसी दिवस के ऐतिहासिक संदर्भ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 के महज 25 दिन बाद 10 सितंबर 1947 को त्यागमूर्ति राम लखन चंदापुरी ने पिछड़ा वर्ग को न्यायपालिका, विधायिका, कार्यपालिका, शिक्षा, रोजगार, व्यापार एवं उद्योग में जनसंख्या के अनुपात में भागीदारी दिलाने हेतु सामाजिक न्याय के संघर्ष का शंखनाद किया था। उसी संघर्ष तथा त्यागमूर्ति राम लखन चंदापुरी एवं शहीद चूल्हाई राम जैसे समाजसेवियों के योगदान को स्मरण करते हुए प्रतिवर्ष 10 सितंबर को ओबीसी दिवस मनाया जाता है।
पूर्व विधायक लेखराम साहू ने ओबीसी समाज से अपने वोट और आर्थिक संसाधन समाजहित में सुरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना कराकर जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी प्राप्त होने तक ओबीसी समाज का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदेश कार्य समिति अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रचारक टिकेश्वर साहू ने सामाजिक एकता और संगठन को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। भीम आर्मी एकता मिशन के जिलाध्यक्ष मिलाप साहू ने युवाओं से अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संगठित होने का आग्रह किया। बामसेफ के भावसिंह डहरिया ने संवैधानिक अधिकारों एवं सामाजिक न्याय की लड़ाई को और सशक्त बनाने की बात कही।
नारायण साहू ने ओबीसी समाज में जागरूकता और एकजुटता को वर्तमान की आवश्यकता बताया।कार्यक्रम का संचालन चेतन साखरे, युवराज एवं शैलेन्द्र साहू ने किया। इस अवसर पर दुर्ग जिलाध्यक्ष अंकालू साहू, युवराज सिंह, बालोद जिला से बल्दूराम साहू, घनाराम साहू, ताम्रध्वज साहू, चमरू राम, सुभाष साहू, रायपुर जिला से पुराणिक साहू, मनहरण लाल, आरपी. साहू, मनोहर साहू, जिला संरक्षक चोवाराम, अविनाश साहू, सदानंद साहू, आशीष कुमार, यशवंत साहू, ताराचंद, अर्जुन, टेमन साहू तुलसी निषाद, दिनेश्वर बंजारे, मिलाप साहू, विकास लहरे, लोकेश बघेल आदि उपस्थित थे।