धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 11 सितंबर। जिला सहकारी संघ धमतरी के बैनर तले ग्राम पचपेड़ी में जिला स्तरीय प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियों का एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने पशुपालकों से गुजरात मॉडल अपनाकर छत्तीसगढ़ में भी दुग्ध सहकारिता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कुरुद विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत पचपेड़ी के समरसता भवन में आयोजित जिला स्तरीय प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियों के प्रशिक्षण सह कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री सिन्हा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पशुपालन की परंपरा व्यावसायिक नहीं रही है। हमें दुग्ध उत्पादन को लाभकारी व्यवसाय बनाना होगा। इसके लिए गुजरात मॉडल को अपनाकर हमें दुग्ध सहकारिता को मजबूत करना होगा। गांव को आर्थिक समृद्धि के रास्ते पर लाने सहकारी बैंक पशुपालकों के सहायता हेतु तत्पर है। जनता की जागरूकता एवं सक्रियता से ही शासन की कल्याणकारी योजनाएं सफल हो सकती है।
उन्होंने इस कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं, दुग्ध उत्पादन हेतु उन्नत नस्ल के पशुओं का चुनाव, दुग्ध उत्पादन एवं पोषक आहार, शेड व दुधारू पशु हेतु सब्सिडी की जानकारी देकर पशुपालकों में जागरूकता लाना है। यह सब जनता की जागरूकता एवं सक्रियता से ही संभव हो सकता है। अध्यक्षता कर रहे कुरुद जनपद उपाध्यक्ष सतीश जैन ने कहा कि पशुपालन विभाग किसानों के हित में अनेक योजनाएं चला रहा है। इनका लाभ लेने के लिए किसानों को सामने आना चाहिए। हमें श्रेष्ठ नस्ल के पशुपालन को बढ़ावा देना चाहिए। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने हेतु पशुओं का आहार बहुत महत्वपूर्ण है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व जनपद अध्यक्ष रामगोपाल देवांगन ने बताया कि सहकारिता कमजोर आर्थिक स्थिति वाले सदस्यों के सशक्तिकरण एवं उत्थान का भरोसेमंद माध्यम है। जो निर्धन और कमजोर उत्पादकों को संगठित कर उन्हें व्यवसाय का स्वामी बना उन्हें बाजार की शक्तियों का सामना करने में सक्षम बनाता है। यही कारण है कि सरकार सहकार से समृद्धि अभियान के अंतर्गत देश भर में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत और विकसित बनाने का निरंतर प्रयास कर दीक्षित अतिरिक्त उपसंचालक पशु चिकित्सा डॉक्टर टीआर वर्मा, डॉ.भूपेंद्र सिन्हा, डॉ. राकेश सिन्हा, डॉ.पीयूष दुबे, डॉ. एएन दीक्षित, प्राधिकृत अधिकारी सीपी साहू ने भी प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए सहकारिता, कृषि, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन से जुड़ी जानकारी देकर कम लागत में अधिक लाभ अर्जित करने की विधि समझाई। कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी संघ प्रबंधक एपी गुप्ता ने किया। इस अवसर पर जिले के पशुपालक व समिति पदाधिकारी उपस्थित थे।