धमतरी
मेहनत, नवाचार और टीम भावना से हासिल हुई बड़ी उपलब्धि
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कुरुद, 10 सितंबर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र कुरूद को कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था के लिए पांच वर्ष की अवधि हेतु प्रत्यायन प्रदान किया है। आईसीएआर द्वारा प्रदान किए गए 3.15 स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड कृषि शिक्षा की गुणवत्ता और संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों का महत्वपूर्ण प्रमाण है। इस शानदार उपलब्धि के लिए इस संस्थान के शिल्पकार विधायक अजय चन्द्राकर ने महाविद्यालय परिवार को बधाई दी है।
कृषि प्रधान धमतरी जिले में कृषि महाविद्यालय चर्रा-कुरूद की यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है। महाविद्यालय द्वारा कृषि शिक्षा, विद्यार्थियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण, अनुसंधान गतिविधियों तथा कृषक हितैषी तकनीकों के प्रसार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को इससे और मजबूती मिलेगी। आईसीएआर का ‘ए’ ग्रेड संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, शिक्षण व्यवस्था, मानव संसाधन, अनुसंधान एवं अकादमिक गुणवत्ता के प्रति सकारात्मक प्रमाणिकता को दर्शाता है। आईसीएआर की अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड की 43वीं बैठक में 24 अगस्त 2026 को लिए गए निर्णय के आधार पर यह मान्यता प्रदान की गई है।
यह प्रत्यायन 29 मार्च 2024 से 28 मार्च 2029 तक प्रभावी रहेगा। इस प्रत्यायन के दायरे में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के साथ कृषि महाविद्यालय रायपुर तथा कुरूद सहित अन्य संबंधित संस्थानों के स्वीकृत शैक्षणिक कार्यक्रम शामिल हैं। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र कुरूद को आईसीएआर द्वारा ‘ए’ ग्रेड प्रदान किए जाने पर प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि कुरूद के साथ-साथ पूरे धमतरी जिले के लिए गौरव की बात है।
कृषि शिक्षा और अनुसंधान की गुणवत्ता में निरंतर सुधार से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ किसानों तक पहुंचाने में महाविद्यालय की भूमिका और प्रभावी होगी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देना जिले की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कुरूद कृषि महाविद्यालय को ‘ए’ ग्रेड मिलना संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महाविद्यालय आगे भी उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करते हुए जिले के किसानों और कृषि क्षेत्र को नई तकनीकों से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अधिष्ठाता नवनीत राणा ने कहा यह उपलब्धि हमारे लिए गौरव का विषय है। इसके पीछे विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों एवं महाविद्यालयीन परिवार के निरंतर प्रयास, समर्पण और टीम भावना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है। इससे विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों का उत्साह बढ़ेगा वे कृषि क्षेत्र की नई चुनौतियों के समाधान के लिए अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर, जनपद अध्यक्ष गितेश्वरी साहू ने भी इस खबर पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आईसीएआर के प्रत्यायन से कुरूद कृषि महाविद्यालय की अकादमिक विश्वसनीयता को नई पहचान मिलने के साथ विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा और अनुसंधान के अवसरों को और विस्तार मिलने की उम्मीद है। यह उपलब्धि जिले में ज्ञान आधारित, तकनीक-सक्षम और नवाचारपरक कृषि व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।