धमतरी

दरूदख्वानी-नातिया महफिल में महिला व बच्चों ने जीता इनाम
28-Aug-2026 6:55 PM
दरूदख्वानी-नातिया महफिल में महिला व बच्चों ने जीता इनाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 28 अगस्त। पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा  की विलादत के उपलक्ष्य में कनिजे अहले बैत कमेटी की जानिब से महिलाओं एवं बच्चों के लिए विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दरूदख्वानी, नातिया महफिल एवं दीन से सवालों का सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक इनाम से नवाजा गया।

महिला सशक्तिकरण के इस दौर में मुस्लिम जमात की जागरूक महिलाओं ने कनिजे अहले बैत कमेटी का गठन कर महिलाओं को चुल्हे चौके से समय निकाल दीन और दुनिया से जुड़े मसले पर जागरूक करने का काम कर रही है। इसी के तहत ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर मुस्लिम जमातखाना कुरूद में 12 दिवसीय दरूदख्वानी व नातिया महफिल का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। बातें मुस्तफा की नाम से आयोजित महफिल में सभी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को कमेटी की ओर से पुरस्कार एवं तोहफे देकर सम्मानित किया गया।

कमेटी की सदस्य वहीदा शेख, अंजुम खान, रुबीना खान, रौशनी खान ने बताया कि पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं, उनके बताए हुए नेक रास्ते से लोगों को जोडऩा और बच्चों में धार्मिक एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना कार्यक्रम का उद्देश्य है। आयोजन को सफल बनाने में जुबेदा बेगम, वहीदा शेख, अंजुम खान, रोशनी फातिमा, रुबीना खान, सकीना, फौजिया, गुलनार, मरियम शेख, सबा उस्मानी, अलमास शेख, बिलकिस रिजवी, फरीदा बेगम, नुजहत, नसरीन, रेहाना, सलमा, नगीना, जबीन, वहीदा, सईदा, आसमा, सखीना, तबस्सुम, हिना अंसारी, रेहाना बेगम, दुआ रिजवी, रिदा अली, सईहा, नशरीन रज्जाक, फरीदा, फौलिया,  शमीना आदि सदस्यों का विशेष योगदान रहा।


अन्य पोस्ट