धमतरी

शिविर में 52 लोगों ने किया रक्तदान
26-Aug-2026 6:30 PM
शिविर में 52 लोगों ने किया रक्तदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 26 अगस्त। सिविल अस्पताल कुरूद में एक दिवसीय  रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। जिसके चलते 52 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संकल्प दोहराया।

ब्लड डोनेशन कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, ब्रह्माकुमारी संस्थान की सुनीता दीदी, बीएमओ डॉ. हेमराज देवांगन तथा जीवन दीप समिति के गोकुल साहू के करकमलों से किया गया।  मुख्य अतिथि श्रीमती चन्द्राकर ने रक्तदान को महादान और जीवन का संबल बताते हुए कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, सर्जरी और प्रसव के दौरान रक्त की तत्काल आवश्यकता होती है। कृत्रिम रूप से रक्त का निर्माण संभव नहीं है, इसलिए मानव द्वारा किया गया रक्तदान ही किसी की जान बचा सकता है।

बीएमओ डॉ. देवांगन ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त कई घटकों में विभाजित होकर तीन जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में सक्षम होता है। नियमित रक्तदान से शरीर में नए रक्त कणों का निर्माण तेजी से होता है, हृदय रोग का जोखिम कम होता है और शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है।

सुनीता दीदी ने कहा कि नि:स्वार्थ भाव से किया गया रक्तदान सेवा और परोपकार का सर्वोत्तम स्वरूप है, जो समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करता है। शिविर के सफलता में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वयंसेवकों का योगदान रहा। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित व प्रोत्साहित किया गया।


अन्य पोस्ट