धमतरी

नपा सामान्य सभा में सवा 3 करोड़ के कार्यों का अनुमोदन
26-Aug-2026 6:28 PM
नपा सामान्य सभा में सवा 3 करोड़ के कार्यों का अनुमोदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 26 अगस्त। नगर विकास के विभिन्न मुद्दों को लेकर नगर पालिका परिषद कुरूद की बैठक हुई। जिसमें करीब सवा तीन करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इससे नगर में विद्युत व्यवस्था एवं बाजार को व्यवस्थित करने के काम में तेजी आने की उम्मीद जगी है।

मंगलवार को नगर पालिका के सभाकक्ष में आहुत परिषद की सामान्य सभा में अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर की अध्यक्षता में नगरवासियों के सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तय एजेंडानुसार बिजली कार्य के लिए 1 करोड़ 25 लाख और नये बाजार में 2 करोड़ के उन्नययीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य के निविदाओं का अनुमोदन सर्व सम्मति से परिषद द्वारा किया गया। बैठक में अध्यक्ष ने बताया कि नगर में मूलभूत सुविधाओं के छोटे छोटे कार्यों को प्राथमिकता से निवारण करने हेतु एवं ज़रूरी कार्यों को विभिन्न निधियों से कराने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है।

इसी नगर को सुंदर बनाने के दिशा में नया बाजार को विकसित करने, अतिक्रमण से रोड जाम के स्थिति को देखते हुए परिषद ने नगर से बाहर सभी कबाडिय़ों को व्यवसाय संचालित करने के लिए जगह चिन्हांकित किया जाने का निर्णय लिया गया। विपक्षी पार्षदों कि नगर विकास कार्यों के लिए भूमि मांग के शासकीय प्रकिया को जांच कराने के ऐजेन्डे में सहमति नहीं बन पाई। जिसके चलते कुछ कहा सुनी भी हुई। इस मुद्दे पर विपक्षी पार्षदों ने अपनी असहमति दर्ज कराते हुए प्रक्रियाओं में जाँच कराने की माँग उठाई है। परिचर्चा में मूलभूत एवं बिजली कार्यों को सुचारू रूप से संचालन के लिए दो टीम का गठन किया गया। अंत में पार्षद रवि मानिकपुरी की पत्नी एवं सीएमओ महेन्द्र गुप्ता के भाई को परिषद द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षद एवं निकाय के अधिकारी कर्मचारी शामिल थे।


अन्य पोस्ट