धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 24 अगस्त। शासकीय स्कूलों में भाजपा सरकार के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के दावों की पड़ताल करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुरूद एवं भोथली के कुछ शासकीय स्कूलों का निरीक्षण किया। जहाँ उन्हें टपकती छत, टुटे शौचालय पेयजल की समस्या जैसी कई बुनियादी समस्याओं का अंबार मिला।
नगर पालिका के संजय नगर स्थित शासकीय विद्यालय पहुंचे। कांग्रेसी नेताओं को निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि स्कूलों के भवन जर्जर हो चुके हैं। दीवारों में दरारें और छत से पानी टपक रहा है। स्कूल में स्वच्छ पेयजल, शौचालयों का अभाव है। जहां छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इसी तरह समीपस्थ ग्राम भोथली की स्कूल का हाल भी इसी तरह बदहाल मिली।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर नें कहा की आज कुरूद क्षेत्र के शासकीय स्कूलों की जो हालत हमने देखी है, वह बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे नौनिहाल, जो इस देश का भविष्य हैं, वे ऐसे जर्जर भवनों में बैठने को मजबूर हैं जहां हर वक्त किसी बड़ी दुर्घटना का साया मंडराता रहता है। प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार और क्षेत्रीय विधायक की निष्क्रियता पर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेत्री ने कहा कि शिक्षा के मंदिर की यह दुर्दशा भाजपा सरकार के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के दावों की पोल खोलती है। प्रदेश सरकार सो रही है, शिक्षा के क्षेत्र में वर्तमान सरकार निष्क्रिय और संवेदनहीन साबित हुई है। घोषणाओं में बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा सरकार जमीनी हकीकत से आंखें मूंद चुकी है।
क्षेत्रीय विधायक को जनता ने चुनकर विधानसभा में जनसमस्याएं उठाने के लिए भेजा था, लेकिन उन्हें अपने ही क्षेत्र के बच्चों की जान की कोई परवाह नहीं है। स्कूल भवनों की मरम्मत और बच्चों के भविष्य के लिए उनके पास कोई कार्ययोजना नहीं है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जानसिंह यादव, जिला महामंत्री रमेशर साहू, कामराय साहू ब्लॉक अध्यक्ष महिम शुक्ला, पंकज जोशी आदि कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।