धमतरी

तालाब में डूबने से बुजुर्ग की मौत
22-Aug-2026 7:43 PM
तालाब में डूबने से बुजुर्ग की मौत

सौंदर्यीकरण-गहरीकरण पर उठे सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 22 अगस्त। नगर के धोबनी तालाब में हाथ-मुंह धोने के लिए उतरे एक व्यक्ति की मौत डूबने हो गई। गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद गहरे पानी से उसका शव बरामद किया। इस घटना से तालाब सौंदर्यीकरण-गहरीकरण के नाम पर हुए मुरूम उत्खनन के दुष्परिणाम को उजागर किया है। इससे पहले भी यहाँ गहरे तालाब में डूबने से कुछ लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिका कुरूद के वार्ड क्रमांक 2 धोबनीपारा निवासी 60 वर्षीय गन्नालाल खरे 21 अगस्त को रोज की तरह धोबनी तालाब में हाथ-मुंह धोने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में जा गिरे। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो पुत्र कमलेश खरे द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।

धमतरी से आई गोताखोर की टीम के घंटों तलाश के पश्चात उनका शव गहरे पानी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।

इस घटना ने नगर में तालाब सौदर्यीकरण-गहरीकरण के नाम पर होने वाले मुरुम मिट्टी उत्खनन पर सवाल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुरूद के कुछ तालाबों में गहरीकरण की आड़ में बड़े पैमाने पर मुरूम उत्खनन किए जाने से तालाबों की प्राकृतिक संरचना प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर तालाब अत्यधिक गहरे होकर खाईनुमा हो गए हैं। इससे आम लोगों और पशुओं के लिए डूबने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निकाय के देखरेख में होने वाले इस काम में मामले में एनजीटी प्रावधानों का पालन नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

 ज्ञात हो कि इससे पहले इसी वार्ड के दानी तालाब में भी डूबने से एक पार्षद के रिश्तेदार की मौत हो चुकी है। कुछ महीने पहले कुर्मी पारा के एक तालाब में भी डूबने से एक युवक की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन द्वारा पुराने तरिके से ही कुछ और तालाबों का सौदर्यीकरण-गहरीकरण में लाखों रुपए खर्च किया जा रहा है। जिसमें पर्यावरणीय नियमों के उल्लघंन की शिकायत नागरिकों ने की है। साथ ही तालाब में डूबने से होने वाली इन घटनाओं से सबक लेकर जन सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम कराने की मांग की है।


अन्य पोस्ट