धमतरी

आयोग अध्यक्ष के गांव में शिक्षकों की मांग को लेकर स्कूल में तालाबंदी
17-Aug-2026 8:31 PM
आयोग अध्यक्ष के गांव में शिक्षकों की मांग को लेकर स्कूल में तालाबंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 17 अगस्त। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारना में ग्रामीण और छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग करते हुए स्कूल में की तालाबंदी कर बरसते पानी में व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। केबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद के इस गाँव में जेन अल्फा को मनाने पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन पर भरोसा न कर विद्यार्थियों ने तत्काल मांग पूरी करने पर अड़े रहे।

कुरुद विधानसभा के पड़ोसी गाँव बारना-सिवनी में सोमवार को शिक्षकों की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं और पालकों के साथ शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग करते हुए स्कूल में तालाबंदी कर दी। बरसते पानी में छाता लेकर व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि भाजपा सरकार ने इस गाँव के एक नेता नेहरू निषाद को अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष बना  दिया है। 8 जुलाई को उन्ही के नेतृत्व में हम गाँव वाले धमतरी जाकर भाजपा नेता और अधिकारियों को ज्ञापन सौंप शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की थी। लेकिन न उनका केबिनेट मंत्री का दर्जा काम आया न हमारा ज्ञापन। मजबूरी में हमें स्कूल में तालाबंदी करनी पड़ीं। धरने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण और छात्र-छात्राएं, नारेबाजी के साथ गाना गाकर प्रशासन का जता हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, रसायन और भूगोल के शिक्षक की मांग कर रहे हैं।

ज्ञात हो कि पिछले महीने पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद की अगुआई में मिश्रीलाल पटेल, रूपचंद साहू, खिलावन प्रजापति, प्रेमनारायण साहू, दौलतराम, रामआधार, कृपाराम, दिनेश साहू, मोतीराम एवं अरुण धुव्र आदि ग्रामीणों ने धमतरी महापौर रामू रोहरा और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंप शिक्षकों की नियुक्ति कराने की मांग की थी। लेकिन महीने भर बाद भी कोई कार्यवाही नहीं होने से गुस्साए चंदन प्रजापति, प्रदीप साहू, उमेश पटेल, प्रतिक्षा, ख्याति साहू आदि जेन एल्फा ने आंदोलन का रास्ता चुना है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा केबिनेट का दर्जा भी किस काम का जो अपने गाँव में ही शिक्षकों की कमी दूर नहीं कर सकता। बाहरहाल इन पंक्तियों के लिखे जाने तक शिक्षाधिकारी लीलाधर चौधरी, तहसीलदार मधुकर सिरमौर आंदोलनकारियों से चर्चा कर मनाने में जुटे हुए हैं। जबकि स्कूल प्रबंधन समिति एवं ग्रामवासियों ने शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की मांग रखी है।


अन्य पोस्ट