धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 17 अगस्त। धमतरी में समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित न रहकर प्रभावी, परिणाममूलक और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचने पर जोर दिया।
सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हुई बैठक में स्कूल शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा, श्रम सहित कुछ विभागों की प्रगति और कार्यप्रणाली पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद यदि कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं आता है, तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को अपने विभागीय कार्यों, योजनाओं और जिले की प्रगति से संबंधित आंकड़ों की अद्यतन एवं समुचित जानकारी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपलब्धियों, विद्यालयों की स्थिति तथा शिक्षा संबंधी प्रमुख संकेतकों की जानकारी ली। पशु चिकित्सा विभाग से जिले में पशुधन, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी ले संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विभाग अपनी महत्वपूर्ण उपलब्धियों, नवाचारों, जनहितकारी गतिविधियों और योजनाओं की प्रगति की प्रमाणिक जानकारी नियमित रूप से सोशल मीडिया पर अपलोड करें, ताकि जिले में हो रहे सकारात्मक कार्यों की जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सके।