धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 17 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर में अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने राष्ट्रध्वज को नमन कर देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में ध्वजारोहण के पश्चात अमर शहीदों के साथ साथ बैंक के संस्थापक पंडित वामनराव बलिराम लाखे को याद करते हुए अध्यक्ष श्री सिन्हा ने राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया।
बाद में उन्होंने ऋण नीति पुस्तिका का विमोचन एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर ऋण योजना का शुभारंभ करते हुए बताया कि यह पहल बैंकिंग सेवाओं को अधिक जनोपयोगी बनाने, आमजन तक वित्तीय सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने सहकार से समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के योगदान की सराहना करते हुए बताया कि किसानों से जुड़ी केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए बैंक अपनी पूरी क्षमता से काम कर रहा है। जिसका सकरात्मक प्रभाव नजऱ आने लगा है। ड्रोन जैसी उन्नत तकनीक और खाद-बीज-दवा उपलब्ध करा खेती की लागत घटाकर किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए हम सहकारी समितियों के माध्यम से कई तरह के ऋण सुविधा प्रदान कर रहे हैं।
सभा कक्ष में बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में आयोजित समारोह में सभी ने राष्ट्रभक्ति के साथ जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का संकल्प लिया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर उपाध्यक्ष अभिनेश कश्यप, सीईओ अपेक्षा व्यास, वरिष्ठ अधिकारी एसपी चंद्राकर, देव ब्यास, आईके ठाकुर, प्रदीप सोनी, विनय यदु, किशोर ठाकुर, संजय साहू, मोहनलाल साहू, मोती प्रधान, सुनीता शर्मा आदि मौजूद थे।