धमतरी

कांग्रेस समर्थित महिला सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित
13-Aug-2026 8:22 PM
कांग्रेस समर्थित महिला सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 13 अगस्त। निर्माण कार्यों में मनमानी, अनियमितता और  व टैक्स वसूली में गड़बड़ी सहित कई आरोप लगा पंचों द्वारा कांग्रेस समर्थित महिला सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। सरपंच के पक्ष में 2 और विपक्ष में 9 मत पड़े। अपनी जीत से उत्साहित पंचों की वजह से जनपद में भारी गहमा-गहमी का माहौल रहा।

 गुरुवार को भखारा क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोरातराई (सिलौटी) की सरपंच प्रीति-जयप्रकाश साहू के खिलाफ पंचों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया।

ज्ञात हो कि इसके पहले एसडीएम नभसिंह कोसले से पंचों ने सरपंच द्वारा पंचायत में कराए जाने वाले विकास एवं निर्माण कार्यों में मनमानी, सीसी रोड निर्माण में कथित धांधली तथा शासन की योजनाओं और पंचायत टैक्स वसूली में अनियमितता की शिकायत की थी।

 शिकायतों की जांच कर अविश्वास प्रस्ताव के लिए 13 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई थी। इसके लिए जनपद पंचायत कुरूद के सभाकक्ष में तहसीलदार सूरज बंछोर को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया था।

 मतदान में सरपंच के पक्ष में मात्र 2 और विपक्ष में 9 मत पड़े। इस तरह भाजपा समर्थित पंचों द्वारा सरपंच प्रीति साहू के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बहुमत से पारित हो गया।

 इस मौके पर उप सरपंच गयाराम साहू, पंच रोहणी, नोमेश्वरी, सरोज, प्रतिभा, बसंती, योगेश्वरी, महेश्वर, पवन साहू आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट