धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 13 अगस्त। भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा एनओबी के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में देशभर के 2917 युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कुरूद विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष देवव्रत साहू ने अपनी प्रतिभा, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल के दम पर टॉप-300 में स्थान बनाकर क्षेत्र के युवा नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
इंदिरा भवन नई दिल्ली में 8 से 10 अगस्त तक आयोजित भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रशिक्षण में राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, मनीष शर्मा, सीताराम लांबा, रजनीकांत, शेषनारायण ओझा, मोहम्मद शाहिद, शिवि चौहान सहित कोर ग्रुप के अन्य सदस्यों ने पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने, युवाओं को नेतृत्व से जोडऩे, जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा जमीनी स्तर पर संगठन की भूमिका को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया।
देशभर से चयनित 2917 युवा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण में टॉप-300 में स्थान बनाने वाले कुरुद के देवव्रत साहू ने अपने संगठनात्मक एवं सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताते हुए कहा कि मेरे लिए यह गौरव का क्षण है, लेकिन इसे मैं मंजि़ल नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत मानता हूं। असली खुशी तब होगी जब संगठन से मिली सीख और जिम्मेदारी को जनसेवा के माध्यम से जमीन पर उतार सकूं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मिली सीख को वे युवाओं की आवाज़ को मजबूती देने, जनहित के मुद्दों को उठाने और संगठन को बूथ एवं पंचायत स्तर तक मजबूत करने के लिए समर्पित करेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर युवा कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे कुरूद के गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी उपलब्धि बताया है।